
Ranchi: सावन माह की दूसरी सोमवारी को रांची से देवघर, दुमका तक शिवभक्तों में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है. रांची के पहाड़ी मंदिर से लेकर खूंटी के शिव मंदिरों के अलावा देवघर के बाबा मंदिर, दुमका में बासुकीनाथ और अन्य मंदिरों में भगवान शिव को जलार्पण करने को रविवार की देर रात से ही श्रद्धालुओं में उमंग और जोश देखने लायक है.बासुकीनाथ धाम, दुमका में दूसरी सोमवारी को श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ा. बासुकीनाथ धाम “हर-हर महादेव” के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा. श्रद्धा, भक्ति और अनुशासन का तब अनुपम संगम देखने को मिला, जब देशभर से आए लाखों श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ पर जलार्पण हेतु कतारबद्ध होकर अपनी बारी की प्रतीक्षा करते रहे. रविवार की देर रात से ही श्रद्धालुओं का तांता शिवगंगा में आस्था की डुबकी लगाने के लिए लगा रहा. जलार्पण के लिए श्रद्धालु अनुशासित ढंग से कतारबद्ध होकर अरघा पद्धति के माध्यम से बाबा पर जल अर्पित करते नजर आ रहे हैं. मेला क्षेत्र में अद्भुत धार्मिक उत्साह के साथ-साथ सुरक्षा एवं प्रबंधन की भी प्रशंसा की जा रही है.

डीसी अभिजीत सिन्हा द्वारा प्रत्येक गतिविधि पर बारीकी से नजर रखा जा रहा है. इसके अलावा सभी विभाग भी मुस्तैदी से कार्य में लगे हुए हैं. स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार स्वास्थ्य शिविरों में अलर्ट मोड में कार्यरत है, जिससे श्रद्धालुओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सुगमता से उपलब्ध कराई जा रही है. सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं सुरक्षाबल के जवान अपने-अपने कर्तव्य स्थलों पर तैनात रहकर श्रद्धालुओं की सहायता कर रहे हैं. उनके प्रयासों से जलार्पण प्रक्रिया शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुगम हो रही है. सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा धाम में श्रद्धालुओं का जन सैलाब सुबह से उमड़ पड़ा है. लाखों की संख्या में श्रद्धालु जलार्पण करने पहुंचे हैं. रविवार से ही बाबा धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. रविवार को ढाई लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा पर जलार्पण किया. वहीं सावन की दूसरी सोमवारी के कारण करीब चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं के जलार्पण करने की संभावना है. पहाड़ी मंदिर, रांची में भी हजारों श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया.
श्रावणी मेले के लिए सरकार गंभीर
देवघर में श्रावणी मेले की दूसरी सोमवारी की पूर्व संध्या पर, जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने आयोजित की. इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की गई. इसके अतिरिक्त, ग्राउंड ज़ीरो पर श्रद्धालुओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करके उनकी प्रतिक्रिया भी प्राप्त की. मंत्री के मुताबिक, राज्य सरकार श्रद्धालुओं के लिए सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध और सक्रिय रूप से कार्यरत है. सरकार द्वारा शिव भक्तों के लिए आवागमन, स्वास्थ्य सेवाएं, आवास, शौचालय, शांत भक्तिमय वातावरण और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ धाम में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित, सुखद और यादगार अनुभव प्राप्त हो.




