
Godda: अपहरण कर फिरौती की मांग करना, वाहनों में आगजनी और लूट सहित कई घटनाओं में शामिल तीन अपराधियों को गोड्डा पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र बर्णवाल के निर्देश पर पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार हुए अपराधियों में राम पतरस मरांडी, गुलाबी हेंब्रम और अरविंद साव शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से चार देसी कट्टा और गोली सहित कई अन्य सामान बरामद किया है.
इसे भी पढ़ें – रघुवर दास जिस पथ निर्माण विभाग के मंत्री थे वहां होता रहा भ्रष्टाचार, चुप रही सरकार, अब हो रही कार्रवाई
अपराध की योजना बनाते हुए पुलिस ने किया गिरफ्तार
गोड्डा पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र बर्णवाल को गुप्त सूचना मिली थी कि सुंदर पहाड़ी थाना क्षेत्र के बोडवा गांव में कुछ अपराधी किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. मिली सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र बर्णवाल के निर्देश में एक पुलिस टीम का गठन किया गया.
पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार हुए अपराधियों से पुलिस ने जब पूछताछ की तो उन्होंने पुलिस को बताया कि सभी मिल कर गोड्डा-पाकुड़ रोड पर रात्रि में गाड़ी की लूटपाट की योजना बना रहे थे.
इसे भी पढ़ें – एअर इंडिया की ब्रिकी का टेंडर जारी, 100 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचेगी सरकार
अपहरण, आगजनी और लूट सहित कई घटनाओं में शामिल रहे हैं सभी अपराधी
गिरफ्तार हुए अपराधी राम पतरस मरांडी, गुलाबी हेंब्रम और अरविंद साव अपहरण, आगजनी और लूट सहित कई घटनाओं में शामिल रहे हैं. बता दें कि अपराधियों ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि बीते 3 जनवरी को पाकुड़ जिला के अमरापाड़ा थाना क्षेत्र में बन रहे पुल के निर्माण कार्य में लगे मुंशी का हथियार के बल पर अपहरण कर लिया था और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी.
एक लाख रुपये में मामला तय होने के बाद अपराधियों ने मुंशी को मुक्त कर दिया था. इस तरह से हाल के वर्षों में इन अपराधियों के द्वारा कई घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है.
इसे भी पढ़ें – भाजपा सांसद सुब्रमण्यन स्वामी ने कहा, #Air_India को बेचने का फैसला देशविरोधी, कोर्ट जाऊंगा



