
Giridih: बिजली विभाग के गिरिडीह एरिया बोर्ड की बैठक शनिवार को स्थानीय परिसदन में हुई. गिरिडीह समेत संथाल परगना के तीन जिलों के अधिकारी भी इस बैठक में मौजूद रहे. गिरिडीह एरिया बोर्ड के महाप्रबंधक प्रतोश कुमार के साथ रांची एरिया बोर्ड के डीजीएम विनय कुमार और देवघर एसई के साथ गिरिडीह सर्किल के कई अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए. बैठक के शुरु होते ही जीएम के समक्ष जिले के बिजली विभाग के एसडीओ व जेई समेत कर्मियों की शिकायत पहुंची जिसमें इन कनीय अधिकारियों के फोन नहीं उठाने को लेकर वरीय अधिकारियों ने कड़ी फटकार लगाई. महाप्रबंधक प्रतोष कुमार ने बैठक में शामिल अधिकारियों को शहर में बिजली आपूर्ति को बेहतर करने का भी निर्देश दिया. जीएम ने अधिकारयों को बिजली विभाग के राजस्व को हर हाल में बढ़ाने को लेकर भी पहल किए जाने का निर्देश दिया गया.
इसे भी पढ़े: गिरिडीह में चार दिनों से लापता व्यक्ति का फंदे से लटकता मिला अधजला शव

तीन घंटे तक चला अधिकारियों का मंथन
करीब तीन घंटे तक चले लंबी बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में जीएम ने कहा कि अधिकारियों को उपभोक्ताओं के साथ हमेशा मधुर संबध कायम रखने का स्पष्ट निर्देश दिया गया है. वहीं जीएम ने दावा करते हुए कहा की पूरे जिले में 22 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है क्योंकि जिले में कई पावर सब स्टेशन बने है. राज्य के कई दूसरे जिलों की तुलना में गिरिडीह में बिजली आपूर्ति का स्तर बेहतर है. एक सवाल के जवाब में जीएम ने इससे इंकार किया कि ठेकेदार को बगैर टीडीएस काटे योजना का भुगतान कर दिया जाता है. बल्कि, भुगतान राज्य सरकार के नॉर्म के अनुसार ही किया जाता है. खंडोली में निर्माणाधीन पावर सब स्टेशन को लेकर जीएम ने बताया कि कार्य पूर्ण हो चुका है और इसी माह उसे आपूर्ति शुरू कर दिया जाएगा.




