
- जमीन विवाद सुलझाने की बात कह रही थी महिला, थानेदार पर लगाया सही बर्ताव नहीं करने का आरोप
- खुद को एक संगठन का पदाधिकारी बता रही थी महिला, पति समेत गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
Giridih: गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना में गुरुवार को एक महिला ने जमकर हंगामा किया. उसने थाना में महिला पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट भी की और एएसआइ राजेश्वरी कुमारी को दांत से काट लिया. महिला ने थाना में रखे कुर्सी-टेबल तोड़ डाले.
महिला का नाम परीणीति भास्कर है. वह पचंबा थाना के हरिचक से ज़ामीन विबाद का केस सुलझाने अपने पति निशांत भास्कर के साथ कार नंबर जेएच 24बी- 8850 से थाने में आयी.
कार से उतरने के साथ ही वह थाना प्रभारी से मिलने की बात कहकर उनके चैम्बर में घुस गयी और थाना प्रभारी रत्नमोहन ठाकुर से उलझने के साथ गाली-गलौज करने लगी.
इसे भी पढ़ें – चतरा : 27 साल पहले हुई थी फर्जी तरीके से नियुक्ति, अब बर्खास्त किया गया, डीडीसी कार्यालय में बहाल थे
इंटरनेशनल ह्यूमन राइट संघ की जिलाध्यक्ष बता रही थी खुद को
महिला खुद को इंटरनेशनल ह्यूमन राइट संघ की जिलाध्यक्ष बता रही थी. परिणीति ने इस दौरान थाना प्रभारी के चैम्बर के टेबल में रखे सारे कागजात इधर-उधर बिखेर दिये.
यही नहीं, महिला ने इस दौरान थाना प्रभारी को ही आइपीसी का पाठ पढ़ाना शुरू कर दिया और उन्हें देख लेने की धमकी भी दी.
इस बीच परिणीति को एएसआइ राजेश्वरी ने जब सामने आ कर काबू में करने की कोशिश की तो उसने उन्हें दांत से काट लिया. थाने की दूसरी एएसआइ हेमा कुमारी जब उसे गिरफ्त में लेने आयी तो महिला ने उन्हें लोहे का रॉड लेकर मारने की कोशिश की.
इसे भी पढ़ें – झारखंड राज्य सहकारिता बैंक की दो शाखाओं में हुए 15. 20 करोड़ गबन की जांच अब एसीबी के हवाले
पति-पत्नी गिरफ्तार
करीब 10 मिनट तक मुफ्फसिल थाने में हंगामा चला जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गये. इधर पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है.
साथ ही महिला जिस संगठन से जुड़े होने का दावा कर रही है उसको लेकर भी जानकारी हासिल की जा रही है.
इधर परिणीति का कहना है कि जमीन विवाद के निपटारे के लिए वह थाना आयी थी लेकिन उसके साथ सही बर्ताव नही किया गया.
इधर सदर एसडीपीओ कुमार गौरव ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें – #Fact Check: जिंदा युवक को कथित रुप से पोस्टमार्टम के लिए भेजने की खबर का सच




