
Giridih: लोकआस्था का महापर्व कार्तिक छठ पूजा की तैयारी गिरिडीह में शुरू हो गई है. गुरूवार को सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने जिले के कई प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न छठ घाटों का दौरा कर घाटों की स्थिति का जायजा लिया. इसके अलावा सदर विधायक उसरी नदी की स्थिति को देखने भी पहुंचे. इस दौरान विधायक ने विभिन्न घाटों में चल रहे सफाई और घाट निर्माण कार्य का भी जायजा लिया. सदर विधायक के साथ उप नगर आयुक्त स्मृति कुमारी, सदर एसडीपीओ अनिल सिंह, नगर थाना प्रभारी राम नारायण चौधरी के साथ जेएमएम जिलाध्यक्ष संजय सिंह और कई पूजा समिति के सदस्य शामिल रहे. सदर विधायक ने अर्गघाट, दीनदयाल, शिवशक्ति, आम घाट, झ्रीयागाड़ी, शास्त्री नगर, सिहोडीह समेत कई छठ घाट का निरीक्षण किया. इन घाटों में नगर निगम की ओर से सफाई कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह : उदनाबाद में सफेद पत्थर का काला कारोबार, पुलिस व प्रशासन बेपरवाह

छठ पूजा समितियों ने की मांग
छठ घाटों के निरीक्षण के दौरान विभिन्न छठ पूजा समितियों के सदस्यों ने विधायक से घाट तक जाने वाले रास्तों के निर्माण कराए जाने की मांग रखी. सदस्यों ने पूर्व में ही इस मांग को रखा था लेकिन अब तक रास्तों का निर्माण नहीं हुआ है. शहर के तमाम प्रमुख घाट में एक जैसे परेशानी को देखते हुए सदर विधायक ने उप नगर आयुक्त स्मृति कुमारी को नागरिक सुविधा मद से रास्ता निर्माण कराने का निर्देश दिया तो एनआरईपी के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार से भी कई घाटों में सुविधा बहाल करने की बात कही. इस दौरान पूजा समिति के सदस्यों में डिंपल साहू, सतीश साहू, संजीत सिंह पप्पू, टुन्ना सिंह, नवीन सिन्हा समेत कई सदस्य मौजूद थे.




