
Palamu : पोस्ता (अफीम) की खेती नष्ट करने और इस कारोपाब में शामिल लोगों पर कार्रवाई करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है. पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र में एक बार फिर की गयी कार्रवाई में जंगल में पोस्ता की खेती करने के आरोप में चार ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों में सुरेश सिंह (पिता रामसुंदर सिंह), मुनारिक सिंह (पिता वसराज सिंह), विजय सिंह (पिता जुगेश्वर सिंह) व परमेश्वर सिंह (पिता स्व हलकानी सिंह) हैं. सभी केदल गांव के रहने वाले हैं. चारों को उनके घर से एक एक करके गिरफ्तार किया गया है.
इसे भी पढ़ें : पलामू: बीएड की मुख्य प्रायोगिक परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर विद्यार्थियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू
मनातू के थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि गत 17 फरवरी को केदल गांव में पोस्ता की खेती नष्ट करते हुए 10 नामजद व पांच अज्ञात के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व भारतीय वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. एफआइआर के बाद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी तेज थी. इसी क्रम में चार को गिरफ्तार किया गया.
इस मामले में अभी 10 फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई तेज की गयी है. सभी आरोपियों ने मनातू थाना से 15 किलोमीटर दूर केदल के जंगल में पोस्ता का पौधा लगाया था. उन्होंने कहा कि पोस्ता की खेती किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
बताते चलें कि पिछले महीने मनातू पुलिस ने छोटकी नागद व बड़की नागद गांव से पोस्ता की खेती करने के आरोप में एक साथ 27 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था.
इसे भी पढ़ें : अगले कुछ दिनों में तापमान में होगी वृद्धि, मिलेगी ठंड से राहत




