
Palamu : मेदिनीनगर सदर प्रखंड के रजवाडीह के कुमारेश बीएड कॉलेज की मुख्य प्रायोगिक परीक्षा (द्वितीय वर्ष सत्र 2018-20) को रद्द करने की मांग को लेकर सोमवार से छात्र-छात्राओं के द्वारा अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया गया है.
आंदोलन का नेतृत्व छात्र संगठन एनएसयूआइ कर रहा है. छात्रों के द्वारा परीक्षा रद्द किए जाने के निर्णय तक आंदोलन पर डटे रहने का निर्णय लिया गया है. नेतृत्व एनएसयूआइ के जिला अध्यक्ष अमरनाथ तिवारी कर रहे हैं.
पूर्वाहन में बड़ी संख्या में कुमारेश बीएड कॉलेज के विद्यार्थी नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय पहुंचे और परिसर में धरना पर बैठ गये. धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए एनएसयूआइ प्रदेश सचिव अभिषेक तिवारी ने कहा कि विश्वविद्यालय एवं कालेज प्रशासन की लापरवाही के कारण छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें : अगले कुछ दिनों में तापमान में होगी वृद्धि, मिलेगी ठंड से राहत
विश्वविद्यालय द्वारा छात्रों को मार्कशीट, माइग्रेशन, कॉलेज द्वारा सीएलसी निर्गत कर दिया गया. कोरोना महामारी में आयोजित परीक्षा को रद्द कर 4 महीने बाद पुनः प्रायोगिक परीक्षा लेना, किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है.
एनएसयूआइ पलामू जिलाध्यक्ष अमरनाथ तिवारी ने कहा कि अगर परीक्षा लेने में कालेज प्रशासन के द्वारा गड़बड़ी की गई है तो कार्रवाई करनी चाहिए थी. 4 महीने के बाद पुनः परीक्षा लेना उचित नहीं है. जो छात्र प्रायोगिक परीक्षा के नंबर से संतुष्ट नहीं है उन्हीं छात्रों की परीक्षा ली जाए. छात्रों के साथ अन्याय हुआ तो पलामू एनएसयूआइ अदालत की शरण में जाएगा.
मौके पर राहुल कुमार पांडे, ओम प्रकाश त्रिपाठी, मो रमजान, रंजना कुमारी, अर्चना कुमारी, प्रिया कुमारी सिमरन, इरशाद, सत्यजीत, आदिति तिवारी सहित अन्य मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें : ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक की साली के घर पर धमकी CBI , तीन घंटे तक की पूछताछ




