JharkhandLead NewsPalamu

Garhwa : 5 हजार रुपये रिश्वत लेते ग्राम सेवक गिरफ्तार

Palamu/Garhwa : पलामू एसीबी की टीम ने गुरुवार को एक बार फिर भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ग्राम सेवक को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा. गढ़वा के विशुनपुरा प्रखंड के सरांग पतिहारी के ग्राम सेवक संजय कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया. ग्राम सेवक को गिरफ्तार करने के बाद से एसीबी की टीम उसे लेकर मेदिनीनगर कार्यालय पहुंची. जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया जायेगा.

इसे भी पढ़ें – चतरा में लूट की खुली छूटः पुल 96 लाख का और डायवर्सन 1.55 करोड़ का

पलामू एसीबी का इस वर्ष का 19वां ट्रैप

ग्राम सेवक को गिरफ्तार करने के साथ ही पलामू एसीबी ने इस वर्ष का 19वां ट्रैप पूरा कर लिया है. जानकारी के अनुसार सरांग पतिहारी के ग्राम सेवक संजय कुमार गुप्ता ने गांव के सुनील यादव से कुएं के निर्माण की राशि स्वीकृत करने के एवज में घूस (पीसी) की मांग की थी. वादी घूस नहीं देना चाहता था और भुगतान के लिए बार बार आग्रह कर रहा था, लेकिन इससे ग्राम सेवक पर कोई असर नहीं पड़ा. वह पीसी लेकर ही काम करने को तैयार था.

कई बार आग्रह के बाद भी जब ग्राम सेवक के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया तो उसने इसकी शिकायत एसीबी पलामू के मेदिनीनगर कार्यालय में की. शिकायत के आलोक में जांच की गयी. जांच में मामले को सही पाया गया. बाद में धावादल का गठन कर शिकायत करनेवाले को घूस के रुपये देकर ग्राम सेवक के पास भेजा गया. विशुनपुरा प्रखंड क्षेत्र में बने आवासीय परिसर में जैसे ही वादी से ग्राम सेवक ने घूस के रुपये लिये, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार ग्राम सेवक संजय कुमार गुप्ता गढ़वा जिले के भवनाथपुर प्रखंड के रोहनिया के रहनेवाले हैं.

इसे भी पढ़ें – राशन कार्डधारियों का आरोप : गरीबों के हक का खाद्यान्न डकार जा रहे हैं राशन डीलर

Related Articles

Back to top button