
Palamu : पलामू प्रमंडल अंतर्गत गढ़वा के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त शेखर जमुआर ने निर्वाचन कार्य में शिथिलता बरतने पर कार्रवाई की है. उन्होंने पर्यवेक्षक भावेश रविदास, कनीय अभियंता (ग्रामीण विकास विशेष प्रमण्डल, सं0-2) एवं बीएलओ उमेश ठाकुर (गोविन्द 2 उच्च विद्यालय, गढ़वा) को सस्पेंड कर दिया है.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि निर्वाचन का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, जिसे सर्वोच्च प्राथमिकता देकर करना होता है. इस कार्य में बरती गई किसी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही लोकहित एवं कार्यहित में सर्वथा अनुचित है.
गढ़वा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केन्द्र संख्या 160 से 169 तक के बीएलओ के पर्यवेक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त भावेश रविदास, कनीय अभियंता (ग्रामीण विकास विशेष प्रमण्डल, सं0-2) गढ़वा क्षेत्र भ्रमण के दौरान वे अपने अधीनस्थ मतदान केन्द्रों में से किसी भी मतदान केन्द्रों पर उपस्थित नहीं पाए गए. ये अपने बीएलओ को उपलब्ध कराने के लिए दी गयी चेकलिस्ट अपने पास ही रखे हुए थे.
इस कारण मतदान केन्द्र संख्या-160 से 169 के बीएलओ चेकलिस्ट नहीं भर पाएं. चेकलिस्ट नहीं भरने के कारण इन मतदान केन्द्रों का फॉर्म प्रोसेसिंग का कार्य प्रभावित हुआ. इस संबंध में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी (गढ़वा) के स्तर से उनसे पूछे गए स्पष्टीकरण का जवाब भी भावेश रविदास के द्वारा नहीं दिया गया. इसके बाद इनके खिलाफ कार्रवाई की गयी.
इसे भी पढे़ं –कोडरमा: डोमचांच थाना प्रभारी अब्दुल्लाह खान लाइन हाजिर, सीएम के विरोध का कार्यक्रम स्थगित



