
Palamu / Garhwa: गढ़वा रोड-चोपन रेलखंड पर नगर उंटारी रेलवे स्टेशन के आउटर सिग्नल पर खड़ी मालगाड़ी से सोमवार को जम कर कोयला चोरी की गयी.
इस दौरान मालगाड़ी करीब एक घंटे तक खड़ी रही. सूचना पर ग्रामीणों को खदेड़ने गये आरपीएफ जवानों पर ग्रामीणों ने पथराव किया. हालांकि इससे बाद भी जवानों ने कार्रवाई की और ग्रामीणों को मौके से खदेड़ कर मालगाड़ी को रवाना करवाया. पथराव में जवानों को हल्की चोटें भी आयीं.
जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह 7 बज कर 17 मिनट पर नगर ऊंटारी के पूर्वी आउटर सिग्नल पर प्रेशर डाउन होने के कारण एक कोयला से लदी मालगाड़ी रुकी थी.
इसे भी पढ़ें – बाबूलाल मरांडी बने बीजेपी के विधायक दल के नेता, सदन में होंगे नेता प्रतिपक्ष
बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे
मालगाड़ी को खड़ी देख पाल्हे कला और भोजपुर के ग्रामीण महिला, पुरुष, बच्चे और बच्चियां बड़ी संख्या में वहां पहुंच गये.
लोगों ने वैक्यूम काट दिया और कोयला उतारने लगे. सूचना मिलने पर नगर ऊंटारी स्टेशन से आरपीएफ के गार्ड एसके ओझा और सुजीत कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे.
इसे भी पढ़ें – ट्रंप की भारत यात्रा के पीछे का असली खेल
आरपीएफ ने खदेड़ा
आरपीएफ के दोनों गार्ड ने वहां पहुंच कर जब लोगों को खदेड़ना शुरू किया तो अचानक महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने उन पर पथराव कर दिया. पथराव के बाद भी दोनों गार्डों ने हिम्मत नहीं हारी. दोनों टिके रहे, जब वे लोग आगे के लोगों को दौड़ाते तो ग्रामीण पीछे से कोयला उतारने लगते.
पीछे दौड़ाने पर आगे से कोयला उतारने लगते. ग्रामीणों को आरपीएफ के गार्ड का कोई भय नहीं था. मालगाड़ी लगभग 50 मिनट तक खड़ी रही. मालगाड़ी 8 बज कर 7 मिनट पर खुली. तब तक पाल्हे कला और भोजपुर के सैकड़ों ग्रामीण भारी मात्रा में कोयला लूट ले गये. आरपीएफ कोयल चोरी में शामिल ग्रामीणों को चिन्हित करने में जुटी है.
इसे भी पढ़ें – #Namaste_Trump : ट्रंप ने मोटेरा स्टेडियम में कहा, नरेंद्र मोदी चैंपियन हैं… काफी टफ हैं… लाखों की भीड़ देख गदगद हुए



