GarhwaJharkhandJharkhand StoryPalamu

गढ़वा: तीन एवं चार मई को राजकीय बंशीधर महोत्सव का होगा आयोजन

Garhwa: जिले के बंशीधर नगर में आयोजित होनेवाले प्रतीक्षित राजकीय बंशीधर महोत्सव के लिए राज्य सरकार ने तीन एवं चार मई को नयी तिथि निर्धारित की है. इसके आलोक में मंगलवार को समाहरणालय के सभागार में उपायुक्त शेखर जमुआर की अध्यक्षता में जिला पर्यटन संवर्द्धन परिषद् की एक बैठक की गयी. बैठक में उपायुक्त ने जानकारी दी कि राज्य सरकार से आगामी तीन व चार मई को राजकीय बंशीधर महोत्सव मनाने का निर्देश प्राप्त हुआ है. इसके आलोक में बैठक में उपायुक्त ने इससे संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने महोत्सव की तैयारियों को लेकर व्यापक रूप से बैनर एवं होर्डिंग के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया. साथ ही कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था, अग्निशमन की व्यवस्था, आमंत्रण पत्र, पार्किंग की व्यवस्था, वाहन की व्यवस्था, मेडिकल कैंप, भोजन आदि की व्यवस्था को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया.

इसे भी पढ़ें: स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन में झारखंड में ऊर्जा सुरक्षा के लिए ग्रीन हाइड्रोजन इकोसिस्टम की भूमिका बढ़ाने पर जोर

बैठक में कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा तैयार की गई. कार्यक्रम में प्रवेश करने हेतु आमजनों के लिए पास की अनिवार्यता नहीं रखने का निर्णय लिया गया. बैठक में बिना पास के आमजनों को भी निःशुल्क प्रवेश कराने का निर्देश दिया गया. बैठक में कई अन्य विषयों पर भी चर्चा करते हुये आवश्यक निर्देश दिए गए. साथ ही तैयारियों को लेकर पूर्व की गठित विभिन्न कमिटी से सभी संबंधित पदाधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया. जरूरत पड़ने पर पुनः तैयारी की समीक्षा के लिए बैठक की जायेगी.

बैठक में मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त राजेश कुमार राय, वन प्रमंडल पदाधिकारी उत्तरी दिलीप कुमार यादव, वन प्रमंडल पदाधिकारी दक्षिणी शशि कुमार, अपर समाहर्त्ता पंकज कुमार सिंह, रंका एसडीओ राम नारायण सिंह, श्री बंशीधर नगर एसडीओ आलोक कुमार समेत विभिन्न कार्यपालक अभियंता, जिला अभियंता जिला परिषद्वा, कार्यपालक पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर पंचायत, नगरउंटारी के बीडीओ, सीओ सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

आठ-नौ अप्रैल को आयोजित था बंशीधर महोत्सव

विदित हो कि इसके पूर्व राज्य सरकार द्वारा पिछले आठ-नौ अप्रैल को राजकीय बंशीधर महोत्सव आयोजित किया गया था. इसको लेकर सारी तैयारी कर ली गयी थी. आयोजन स्थल पर टेंट लगाने से लेकर बंशीधर मंदिर को सजाने, साफ-सफाई सहित आने जानेवाले रास्ते को सजाने एवं प्रकाश की व्यवस्था करने के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिये कलाकारों की बुकिंग आदि कर ली गयी थी, लेकिन इसी बीच पांच अप्रैल को राज्य के शिक्षा मंत्री के निधन हो जाने के बाद इस आयोजन को स्थगित कर दिया गया था. इसको लेकर सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के विधायक के बीच कई तरह के आरोप-प्रत्यारोप भी चला था. अब पुनः राज्य सरकार ने तीन व चार मई को राजकीय बंशीधर महोत्सव के आयोजन की तिथि निर्धारित की है. इसके कारण जिला प्रशासन को नये सिरे से सारी तैयारी करनी पड़ रही है.

Related Articles

Back to top button