Palamu

पलामू: छात्राओं एवं महिलाओं को नगर निगम ने दिया तोहफा, मात्र 5 रुपए में पिंक सिटी बस में कर सकेंगी सफर

Palamu:  मेदिनीनगर निगम की महापौर अरुणा शंकर, उप महापौर मंगल सिंह, पार्षद, नगर आयुक्त रवि आनंद एवं सहायक नगर आयुक्त परितोष कुमार ने मंगलवार को सामूहिक रूप से महिलाओं के लिए नगर निगम द्वारा संचालित होने वाली पिंक सिटी बस का नारियल फोड़कर उद्घाटन किया. इस मौके पर महापौर ने कहा पिंक सिटी बस मेरा एक सपना था. मैं चाहती थी कि हमारी काम करने वाली बहनें, कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राएं और माताओं-बहनों को बाजार, अस्पताल आने जाने हेतु झारखंड में सबसे न्यूनतम दर पर महिला पिंक सिटी बस का परिचालन अपने निगम क्षेत्र में कराऊं, जो सपना आज पूरा हो रहा है. एक मई से इसका परिचालन पूरे निगम क्षेत्र में शुरू हो जाएगा.

इसे भी पढ़ें: गढ़वा: तीन एवं चार मई को राजकीय बंशीधर महोत्सव का होगा आयोजन  

महापौर ने बताया कि निगम ने 10 से 20 रुपए तक दूरी के हिसाब से भाड़ा निर्धारित की है, जबकि रांची में 10 से 25 रुपये तक का किराया लिया जाता है पर मुझे खुशी है कि मेरे कहने पर संवेदक ने मात्र 5 रुपया निगम क्षेत्र में कहीं से कहीं आने जाने हेतु किराया लेना स्वीकार किया है, जिसके लिए संवेदक बधाई के पात्र हैं.

मोबाइल से कर सकेंगे बस को ट्रैक

महापौर ने बस के बारे में बताया कि इस बस में दो महिला कंडक्टर, एक पुरुष ड्राइवर, एक पुरुष खलासी रहेगा. चारों बस में जीपीएस लगे हुए हैं. आप अपने मोबाइल से बस को ट्रैकिंग कर सकते. सभी बसों में मोबाइल चार्जर की भी सुविधा दी गई है.

बसों का यह रहेगा रूट 

महापौर ने बस के रूट के बारे में बताया एक बस चैनपुर-शाहपुर विमेंस कॉलेज होते हुए जीएलए कॉलेज, जनता शिवरात्रि कॉलेज तक जाकर फिर शाहपुर लौटेगी. वहीं दूसरी बस मेडिकल कॉलेज से प्रारंभ होकर जीएलए कॉलेज, विमेंस कॉलेज, डॉ राजेंद्र प्रसाद चौक (छहमुहान) से वापस लौटेगी. तीसरी बस रांची रोड चियांकी से शुरू होकर विमेंस कॉलेज, जीएलए कॉलेज डॉ. राजेंद्र प्रसाद चौक (छहमुहान) से वापस लौटेगी. चौथी बस सिंगरा, बैरिया, जीएलए कॉलेज, विमेंस कॉलेज, डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद चौक (छहमुहान) होते हुए बैरिया फ्लाई ओवर से सिंगरा जाएगी.

उपमहापौर मंगल सिंह ने सबको बधाई देते हुए कहा महापौर का यह सपना था कि महिला पिंक सिटी बस चले और मेरी भी चाहत थी कि महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा सुविधा मिले, जिसकी आज मुझे बहुत खुशी है.

Related Articles

Back to top button