GarhwaJharkhandNEWS

गढ़वा : पिकअप लूटने के दौरान विरोध करने पर हुई थी रवि रंजन की हत्या, 6 अपराधी गिरफ्तार

Garhwa : जिले के चिनिया जंगल में हुई रवि रंजन चौधरी की हत्या मामले का पुलिस ने उद्भेदन किया है. इस मामले में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से दो देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, 315 बोर का दो खाली खोखा, लूटा हुआ पिकअप वाहन एवं चार मोबाइल फोन बरामद किया गया है. छानबीन में सामने आया है कि रवि रंजन चौधरी की हत्या पिकअप लूट का विरोध करने पर की गयी थी.

गिरफ्तार अपराधियों में गढ़वा थाना क्षेत्र के झलुवा गांव निवासी सोहदाव अंसारी, औरंगजेब अंसारी उर्फ मिस्टर अंसारी, पलामू जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के नावाडीह कला गांव निवासी रिंकू पासवान, डंडई थाना क्षेत्र के पचौर साव टोला निवासी अरविंद प्रसाद गुप्ता, गढ़वा जिले के रमकंडा गांव निवासी मुनेश्वर सिंह उर्फ अनिकेत एवं उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के गहमर गांव निवासी विकास सिंह शामिल है.

रविवार को पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार झा ने गढ़वा थाने में बताया कि गत 17 फरवरी को बाजार समिति कैंपस से गढ़वा थाना क्षेत्र के पूर्व मध्या निवासी रवि रंजन चौधरी की पिकअप लूटने के इरादे से बुक किया गया था. बुकिंग के बाद रवि रंजन चौधरी ने फोन कर अपने पिता को बताया था कि वह बुकिंग लेकर चिनिया जा रहा है, लेकिन वह वापस घर नहीं लौटा, तो उसके परिजन ने काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चलने पर थाने में जानकारी दी. 19 फरवरी को सूचना मिली की रवि रंजन चौधरी की हत्या अज्ञात अपराधी द्वारा कर दी गयी है.

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अनुसंधान एवं छापामारी के क्रम में 26 फरवरी को टीम को गुप्त सूचना मिली कि इस कांड को अंजाम देने वाला 3 अपराधकर्मी एक बाइक पर सवार होकर झाबुआ गांव में मस्जिद से आगे एक पेड़ के पास बैठे हुए हैं तथा पुनः किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं. एसआईटी ने उक्त स्थान पर पहुंचकर चारों तरफ से भागने वाले रास्ते की घेराबंदी की. छापामारी के क्रम में पुलिस बल के सहयोग से दौड़ कर भागने वाले दो अपराधकर्मियों को पकड़ लिया गया तथा एक अपराधकर्मी बाइक से भागने में सफल रहे. पकड़े गए अपराधी सोहराब अंसारी तथा औरंगजेब अंसारी की तलाशी लेने पर उनके पास से देसी कट्टा एवं गोली बरामद की गयी.

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान बाइक से भागने वाले अपराधी का नाम महताब अंसारी बताया गया.
दोनों अपराधियों द्वारा यह बताया गया कि 17 फरवरी को बाजार समिति गढ़वा से दिव्या टेंट हाउस नाम लिखा हुआ पिकअप वाहन तथा उसके चालक रवि रंजन चौधरी को इन तीनों अपराधियों द्वारा छोटू रंगसाज गिरोह के सक्रिय सदस्य सत्य पासवान की बनाई हुई योजना के तहत गिरफ्त में लिया गया था. झूठ बोलकर चिनिया से पलंग एवं फर्नीचर लाने के लिए पिकअप की बुकिंग की गयी थी. पिकअप को ड्राइवर सहित चपकली जंगल ले जाया गया था, जहां चालक रवि रंजन चौधरी को पिस्टल का भय दिखाते हुए पिकअप लूटने का प्रयास किया, लेकिन चालक किसी भी हालत में अपना वाहन छोड़ने को तैयार नहीं हुआ एवं लूटने का विरोध करने लगा. इस कारण उसकी हत्या की गयी.

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप को विश्रामपुर मोड़ पर अपराधकर्मी सत्य पासवान के साला रिंकू पासवान को बेचने के लिए दे दिया गया. सत्य पासवान के बताए अनुसार रिंकू पासवान ने लूटी हुई पिकअप को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी विकास सिंह को 2 लाख में बेच दिया.
टीम के द्वारा गाजीपुर के स्थानीय थाना गहमर के सहयोग से लूटी गई पिकअप को विकास सिंह के घर से बरामद कर लिया गया तथा उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया. अपराधकर्मी द्वारा बताया गया कि सत्या पासवान के द्वारा अपराध करने के लिए इन्हें देसी कट्टा तथा कारतूस उपलब्ध कराया गया था. कुख्यात अपराधी सत्या पासवान ने हत्या में प्रयुक्त हथियार व गोली अरविंद प्रसाद गुप्ता तथा मुनेश्वर सिंह से खरीदी थी. हथियार खरीदने-बिक्री करने वाले दोनों व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है.
अपराधकर्मी औरंगजेब अंसारी उर्फ मिस्टर अंसारी 2019 में बलात्कार के केस में जेल जा चुका है. उसने बताया कि रिंकू पासवान दो बार विभिन्न कांडों में जेल जा चुका है. इसके अलावा सत्या पासवान पर गढ़वा जिले में 9 केस दर्ज है.

 

इसे भी पढ़ें : साहिबगंज : सोहराय मेला देख कर लौट रही नाबालिग से दुष्कर्म

Related Articles

Back to top button