JharkhandPalamu

गढ़वा: नगर उंटारी थाना पर हमला करने के मामले में जल संसाधन मंत्री का हाउस गार्ड व सीआरपीएफ जवान समेत 21 गिरफ्तार

Palamu/Garhwa: पलामू प्रमंडल अंतर्गत गढ़वा जिले के नगर उंटारी थाना पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है.

हमला के 12 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए जलसंसाधन मंत्री रामचन्द्र सहिस के हाउस गार्ड सोनू कुमार और असम में पोस्टेड सीआरपीएफ के जवान विक्रम गोस्वामी समेत 21 लोगों को गिरफ्तार किया है.

गिरफ्तार सोनू कुमार जैप का जवान है और वह फिलहाल जल संसाधन मंत्री रामचंद्र सहिस के जुगसलाई स्थित आवास पर हाउस गार्ड के तौर पर पोस्टेड है.

नगर उंटारी के एसडीपीओ नीरज कुमार ने बताया कि कुल 21 लोग गिरफ्तार हुए हैं, जिनमें जैप का जवान सोनू कुमार और सीआरपीएफ का जवान विक्रम गोस्वामी भी शामिल है.

इसे भी पढ़ें –सरकारी दावा झारखंड #ODF: गुमला ने पूरा किया 90% टारगेट लेकिन निर्माण के नाम पर एक करोड़ का घोटाला

गिरफ्तार लोगों के विरुद्ध थाने पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है. सभी को न्यायिक हिरासत में गढ़वा भेजा जा रहा है.

शराब दुकान से शुरू हुआ हंगामा थाने पर हमले में बदला

शराब दुकान से शुरू बवाल थाने पर हमले का कारण बना. एसडीपीओ नीरज कुमार ने बताया कि चेचरिया में एक शराब दुकान पर शराब के नशे में कुछ युवक हुड़दंग कर रहे थे.

गश्ती पर निकली पुलिस ने वहां पहुंच कर मामले को शांत किया तथा एक युवक को हिरासत में लेकर थाने में ले आयी.

थाने में उक्त युवक ने पूछताछ के दौरान अपना नाम सोनू कुमार बताया. साथ ही बताया कि वह जैप का जवान है और जल संसाधन मंत्री रामचंद्र सहिस के हाउस गार्ड के तौर पर पोस्टेड है.

सोनू कुमार को लाये जाने पर जंगीपुर की प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शामिल लगभग 60-70 लोग थाने में घुस गये और उसे छोड़ने का दबाव बनाने लगे.

इस दौरान थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन शराब के नशे में होने के कारण वे लोग उपद्रव करने लगे.

एसडीपीओ ने कहा कि उन लोगों ने थाना प्रभारी पंकज तिवारी के साथ बदसलूकी की. जब उन लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया तो थाना पर पत्थर, ईंट और बांस से हमला बोल दिया.

इस घटना में थाना प्रभारी पंकज तिवारी समेत पांच पुलिसकर्मी चोटिल हुए हैं. एसडीपीओ ने बताया कि पुलिसकर्मियों के चोटिल होने पर अतिरिक्त पुलिस बल ने लोगों को खदेड़ा.

खदेड़ने के दौरान 20 लोग पकड़े गये हैं.

ये हुए जख्मी

थाना प्रभारी पंकज तिवारी, मुंशी आशीर्वाद महतो, हवलदार सालमन बारला, सिपाही गौतम कृष्णा व नागेन्द्र रविदास हमले में जख्मी हुए हैं.

इसे भी पढ़ें –#SBI ने 220 लोगों के 76,600 करोड़ रुपये का बैड लोन राइट ऑफ कर दिया!

30 नामजद और 60-70 अज्ञात पर एफआइआर

थाना पर हमला करने के मामले में पुलिस ने लगभग 30 लोगों पर नामजद और 60-70 अज्ञात लोगों पर एफआइआर किया है. जिनमें विक्रम गोस्वामी, आशीष कुमार, शंभू चंद्रवंशी, पिंटू कुमार, धनंजय चंद्रवंशी, अवधेश मेहता, अरुण मेहता, राजेश चंद्रवंशी, राकेश मेहता और उदेश मेहता के नाम शामिल हैं.

पुलिस के अनुसार उपरोक्त लोग सोनू कुमार को जबरन छुड़ाने की कोशिश कर रहे थे.

जो हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार लोगों में प्रदीप गुप्ता, पिंटू कुमार, नीरज कुमार, उत्सव कुमार, मिथिलेश कुमार मेहता, अजय कुमार, श्रवण कुमार, विक्रम गोस्वामी, चंदन कुमार, अलि हुसैन अंसारी, सोनू कुमार, गुलाब मेहता, डब्लू कुमार, शंभू राम, रोहित प्रताप देव, किशन कुमार, धनंजय कुमार, मिकेश कुमार, आष कुमार आदि के नाम शामिल हैं.

किन-किन धाराओं में एफआइआर

गिरफ्तार लोगों के विरुद्ध नगर उंटारी थाना में थाना पर हमला करने एवं सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है.

सभी लोगों पर 147, 148, 149, 342, 332, 323, 333, 337, 338, 307 एवं 353 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया है.

इसे भी पढ़ें – # अब Moody’s ने भारत का #GDP ग्रोथ रेटअनुमान 6.2 फीसदी से घटाकर 5.8 पर्सेंट किया

Related Articles

Back to top button