
Palamu/ Garhwah : पलामू प्रमंडल के गढ़वा जिले के भवनाथपुर में शादी समारोह के दौरान फायरिंग होने से एक युवक की मौत हो गयी. बीती रात गोली लगने के बाद युवक को गंभीर स्थिति में भवनाथपुर से कुछ लोग इलाज के लिए मेदिनीनगर के एमएमसीएच में लेकर आए. यहां उसकी मौत होने पर लोग शव को छोड़कर भाग गये. सूचना के बाद मेदिनीनगर शहर थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है. इधर, मृतक के परिजन भी मेदिनीनगर पहुंच गए हैं.
इसे भी पढ़ें :एक्टर अनिल कपूर ने ऐसा क्या कहा था जिसके लिए इंडियन एयर फोर्स से मांगनी पड़ी माफी
भवनाथपुर के टाउनशिप में गोविंद सिंह के घर हो रही थी शादी
इंस्पेक्टर सह मेदिनीनगर शहर थाना के प्रभारी अरूण माहथा ने बताया कि मामला शादी समारोह के दौरान उत्साह में की जानेवाली फायरिंग का है. गढ़वा जिले के भवनाथपुर से जुड़ा है. भवनाथपुर के टाउनशिप में गोविंद सिंह के घर शादी थी. भवनाथपुर के नीलू गेस्ट हाउस में शादी हो रही थी.
इसी दौरान गोली चली. गोली अरविंद सिंह (45वर्ष) के जांघ में लगी. गंभीर स्थिति में अरविंद सिंह को इलाज के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच में लाया गया. यहां उसकी मौत हो जाने के बाद साथ आए लोग भाग गए. सीसीटीवी से उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है. परिजन भी पहुंच गए हैं. उनका बयान लेकर मामला गढ़वा पुलिस को सौंप दिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें :गढ़वा: भवनाथपुर के शादी समारोह में फायरिंग, पूर्व मंत्री के रिश्तेदार की मौत
पूर्व मंत्री संकटेश्वर सिंह के रिश्तेदार है मृतक
मृतक अरविंद कुमार सिंह पूर्व मंत्री स्व. संकटेश्वर सिंह के रिश्तेदार है. उसका ससुराल पलामू के पांकी थाना क्षेत्र के नीमाचक में है. अरविंद कुमार सिंह का रांची के सहजानन्द चौक पर भी घर है. ऐसे मूल रूप से अरविंद कुमार सिंह बिहार के औरंगाबाद के रहने वाला था.
परिजनों के अनुसार अरविंद के ससुरालवालों को भी नहीं पता था कि वह भवनाथपुर शादी समारोह में शामिल होने आया है.
गोली लगने के बाद अरविंद को गढ़वा सदर अस्पताल के बजाए मेदिनीनगर एमएमसीएच लाये जाने पर उसके परिजनों को आशंका हो रही है. हालांकि पुलिस इसे हर्ष फायरिंग का मामला मानकर कार्रवाई कर रही है. घटना के बाद से भवनाथपुर में शादी का माहौल गम में बदल गया है.
इसे भी पढ़ें :सोनू सूद फिर सुर्खियों में, एशिया की 50 हस्तियों की लिस्ट में नंबर वन पर




