
Ranchi : पीएम नरेंद्र मोदी को 400 फीट नीचे गाड़ देनेवाले बयान मामले में जेएमएम के केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य नजरूल इस्लाम के खिलाफ साहिबगंज टाउन थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. साहिबगंज नगर थाना में सदर बीडीओ सुबोध कुमार के बयान पर आचार संहिता उल्लंघन मामले और अमर्यादित भाषा का उपयोग करने के आरोप में प्राथमिकी (42/24) दर्ज की गयी है. गौरतलब है कि बीते दिनों साहिबगंज स्टेशन चौक पर झामुमो में एकदिवसीय धरना में लोगों को संबोधित करते हुए नजरूल इस्लाम ने पीएम मोदी के खिलाफ विवादित बयान देते हुए कहा था 400 सीट जीतेगा नहीं, 400 फीट गाड़ देंगे. इसके बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक दल के नेता अमर बाउरी सहित कई भाजपा नेताओं ने ट्वीट कर राज्य सरकार से कार्रवाई की मांग की थी. मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज करवायी. वहीं प्रखंड के सीआइ फनेश्वर कुमार, राजस्व कर्मचारी अजय कुमार और पंचायत सचिव सुशील मरांडी को 24 घंटे के अंदर जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्रवाई की जायेगी.
इसे भी पढ़ें – नेपाल से रांची लौट रहे गैंगस्टर अमन साहू के गुर्गा को ATS ने धनबाद से किया गिरफ्तार



