
Chennai: मशहूर पार्श्व गायिका वाणी जयराम का 78 साल की उम्र में निधन हो गया है. वह चेन्नई में अपने घर पर मृत पाई गई. हाल ही में उन्होंने अपने सिंगिंग करियर के 50 साल पूरे किए थे. 19 भाषाओं में उन्होंने 10 हजार से अधिक गाने गाए थे. गणतंत्र दिवस पूर्व संध्या पर उनका नाम पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित होने वाले सदस्यों में भी शामिल था. उनके निधन से संगीत की दुनिया में शोक लहर छा गई है.
मौत का कारण स्पष्ट नहीं
वाणी जयराम की मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थी. बताया जा रहा है कि उनके माथे पर चोट के निशान मिले हैं. उन्हें कुछ दिन पहले चोट लगी थी और तभी से वह बीमार चल रही थी. फिलहाल पुलिस ने उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक वह चेन्नई के नुंगमबक्कम इलाके में स्थित अपार्टमेंट में अकेली रहती थी.
वाणी जयराम को तीन बार नेशनल पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है. इसके अलावा तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, केरल और ओडिशा सहित कई राज्यों ने भी उन्हें सम्मानित किया था. जल्द ही उन्हें देश के तीसरे सर्वोच्च पुरस्कार पद्म भूषण से भी सम्मानित किया जाना था. पिछले 50 सालों में उन्होंने सभी दिग्गज संगीतकारों के साथ गाने गाए हैं. ‘बोले रे पपीहरा’ और हमको मन की शक्ति देना जैसे गीत उनके सबसे अधिक लोकप्रिय हुए हैं. कई बड़ी हस्तियों ने वाणी जयराम रमेश के निधन पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है.




