
- भवन निर्माण के अधिकारियों ने तीन माह में ही प्रतिमा व पैडस्टल ब्रिज का काम पूरा करने की कही थी बात
- 12 जनवरी को सीएम रघुवर दास ने प्रतिमा का किया था उद्घाटन
Ranchi : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने 12 जनवरी 2019 (युवा दिवस) को राजधानी रांची के बड़ा तालाब (रांची झील) में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण किया था. उस वक्त कहा गया था कि युवा दिवस के दिन प्रतिमा का उद्घाटन किया गया है, लेकिन जल्द ही इसे राजधानी की जनता के लिए खोला जायेगा. कार्यक्रम में उपस्थित भवन निर्माण विभाग के पदाधिकारी ने भी कहा था कि अगले 3 माह में प्रतिमा व पैडस्टल ब्रिज के सौंदर्यीकरण का काम पूरा कर लिया जायेगा. हकीकत यह है कि सात माह बीतने के बाद अब भी प्रतिमा के आसपास काम ही चल रहा है. 7 माह बाद भी राजधानीवासी नजदीक से विवेकानंद की प्रतिमा को नहीं देख पा रहे हैं.
देखें वीडियो-
इसे भी पढ़ें – मीठी क्रांति में खटास: CM की घोषणा 10 हजार किसानों को बांटेंगे मधु बॉक्स, हकीकत में मात्र 118 को ही मिलेगा
2018 में ही होना था अनावरण
ऐसा नहीं है कि स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा को जनता के लिए खोले जाने में पहली बार देरी हो रही है. इससे पहले भी बड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण के काम में भी काफी देर हुई थी. इस काम की योजना मई 2017 में तैयार की गयी थी. उसी वक्त बड़ा तालाब में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित करने की योजना बनी थी. प्लान था कि 12 जनवरी 2018 को ही इस प्रतिमा का अनावरण किया जायेगा, लेकिन निर्माण कार्य में देरी के चलते ऐसा नहीं हो सका. शुरुआत में योजना की लागत 14 करोड़ रुपये प्रस्तावित थी, लेकिन निर्माण कार्य में देरी के कारण इस पर 17 करोड़ रुपये खर्च हुए. हालांकि प्रतिमा के निर्माण में 3 करोड़ रुपये खर्च किये गये हैं.

इसे भी पढ़ें – जियो फाइबर के लिए बहुत चालाकी के साथ रास्ता साफ किया गया
9.8 टन वजनी है स्वामी विवेकानंद की मूर्ति
बड़ा तालाब में लगी इस प्रतिमा की ऊंचाई 33 फीट (मूर्ति की ऊंचाई 9.8 फीट है. जिसे 14 फीट के पैडस्टल पर स्थापित किया गया है) और वजन 9.8 टन है. यह मूर्ति कांस्य से बनायी गयी है. अनावरण के दिन रंग-बिरंगी लाइटों से प्रतिमा को काफी आर्कषक दिखाया गया था. प्रतिमा के नीचे 300 वर्ग मीटर के एरिया में ग्रेनाइट लगाया जा रहा है. वहीं तालाब के चारों ओर घेराबंदी का काम भी किया जा रहा है. तालाब के किनारे वॉकिंग ट्रैक व पार्क के निर्माण करने की बात भी कही गयी है. इसमें तालाब के सौंदर्यीकरण का काम रांची नगर निगम द्वारा किया जा रहा है.
नहीं हो सका अभियंता से संपर्क
डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय का कहना है कि निगम की ओर से तालाब के चारों ओर कराया जा रहा सौंदर्यीकरण इस साल के अंत तक पूरा कर लिया जायेगा. वहीं विवेकानंद प्रतिमा और ब्रिज के काम की जानकारी के लिए भवन निर्माण विभाग के अभियंता अरविंद कुमार सिंह से भी फोन संपर्क किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी.
इसे भी पढ़ें – झारखंड में छोटे-बड़े आपराधिक गैंग वसूल रहे हैं रंगदारी, रांची सहित राज्य के अन्य जिलों से भी हर महीने उठा रहे मोटी रकम



