
Ranchi: एचइसी इलाके में निर्माणाधीन रांची स्मार्ट सिटी के एरिया बेस्ड डेवेलपमेंटवाले इलाके से गुजरनेवाली नदियों के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं करने का निर्देश रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन लिमिटेड के सीईओ अमित कुमार ने दिया है. उन्होंने कहा है कि नदियों के किनारे की लैंडस्केपिंग कर और भी आकर्षक बनाया जाये. कार्य कर रहे कंपनियों को निर्देश दिया कि पर्यावरण से संबंधित अनापत्ति प्रमाणपत्र लेकर ही आगे का कार्य शुरू करें. सीईओ अमित कुमार मंगलवार को 656.3 एकड़ जमीन पर बन रहे रांची स्मार्ट सिटी से जुड़ी कई परियोजनाओं का निरीक्षण करने पहुंचे थे.
इसे भी पढ़ें – तीसरा चरणः चुनाव आयोग ने मतदान का अपडेट आंकड़ा जारी किया, 65.41 फीसदी मतदाताओं ने डाले वोट
निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान सीईओ अमित कुमार के साथ रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के डीएम राकेश कुमार नन्द क्योलियार, जुडको के डीजीएम पीके सिंह, सुशील कुमार, पीएमसी टीम लीडर सुबा रॉय, प्रोजेक्ट मैनेजर नवीन कुमार, स्मार्ट सिटी पीआरओ अमित कुमार सहित जुडको, स्मार्ट सिटी, एलएनटी, केएमवी एवं शापूरजी पालनजी कंपनी के अधिकारी मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें – मुख्यमंत्री को मूर्खमंत्री कहना हेमंत सोरेन को शोभा नहीं देताः बीजेपी
मुख्य मार्गों पर लगे पेड़
सीईओ ने अधिकारियों से योजनाओं की गति तथा उनकी विशेषताओं की जानकारी लेते हुए कहा कि क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर पेड़ लगाये जायें. इससे स्मार्ट सिटी परिसर को हरा भरा रखने की दिशा में सहूलियत होगी. इस दौरान सीईओ ने झारखंड अर्बन प्लानिंग मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (जुपमी), कन्वेंशन सेंटर, अर्बन सिविक टावर और इंटीग्रेटेड इंफ्रास्ट्रक्चर विकास से जुड़े निर्माण कार्य सहित क्षेत्र से गुजरनेवाली पुरानी रेलवे लाइन (जो एचइसी प्लांट में जाती थी, पर अब उसका उपयोग नहीं हो रहा है) का भी निरीक्षण किया. प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंपनी द्वारा रेलवे लाइन के ब्यूटिफिकेशन प्रस्ताव पर सीईओ ने कहा कि पहले इसकी स्टडी करें. उसके बाद अगर संभव हो तो ही इस प्रस्ताव को प्रबंध निदेशक सह सचिव नगर विकास एवं आवास विभाग के समक्ष रखने की पहल करें.
इसे भी पढ़ें – राजनीतिक विद्वेष के तहत हेमंत पर हुई प्राथमिकी, वापस लेने का आदेश दें मुख्य निर्वाचन आयुक्त : जेएमएम
जुपमी बिल्डिंग में शिफ्ट होंगे जुटकॉल, जुडको, स्मार्ट सिटी के दफ्तर
गौरतलब है कि पहले इस क्षेत्र की दो रेलवे लाइन एचइसी के एमडीआइ और एचएमटी प्लांट में जाता था. जिसका अब उपयोग नहीं हो रहा है. इसे हटाने के लिए एचइसी प्रबंधन ने एनओसी दे दिया है. सीइओ ने जुटकॉल, जुडको, स्मार्ट सिटी इत्यादि कंपनियों के लिए अस्थायी तौर पर बन रहे दफ्तरों की भी जानकारी ली. कहा कि इन कंपनियों के दफ्तर अगले कुछ महीनों में जुपमी बिल्डिंग में शिफ्ट होंगे. वहीं अर्बन सिविक टावर का कार्य संपन्न होने के साथ ही ये दफ्तर वहां स्थायी रूप से शिफ्ट कर दिये जायेंगे. इसके साथ उन्होंने स्मार्ट सिटी परिसर के लिए कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर के लिए भी चिन्हित जगह का निरीक्षण किया.
इसे भी पढ़ें – कारनामों की वजह से फिर सवालों के घेरे में आये हजारीबाग के आरडीडीई शिवनारायण साह



