
New Delhi: मणिपुर के मुद्दे पर विपक्षी दल मोदी सरकार को बीते कई दिनों से घेर रही है. विपक्ष की मांग है कि पीएम मोदी संसद के दोनों सदनों में मणिपुर पर बयान दें. संसद में इस मुद्दे पर हंगामा हो रहा है. मंगलवार को बीजेपी की संसदीय दल की बैठक हुई. इस बैठक के बाद बीजेपी सांसद रविशंकर ने मीडिया से बात की. रविशंकर ने बताया कि बीजेपी संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने क्या कुछ कहा.
रविशंकर बोले, “पीएम मोदी ने एक नई आशा जगाई है. दुनिया जानती है. विपक्ष भी ये समझता है लेकिन बार-बार विरोध करना. वो मान चुके हैं कि उन्हें सत्ता में नहीं आना है.” रविशंकर ने कहा, “उन्होंने (पीएम मोदी) ने बहुत बड़ी टिप्पणी की है कि इंडियन नेशनल कांग्रेस एक अंग्रेज़ ने बनाई थी. ईस्ट इंडिया कंपनी भी अंग्रेज़ों ने बनाई थी. आज कल लोग इंडियन मुजाहिदीन भी नाम रखते हैं. इंडियन पीपुल्स फ्रंट भी रखते हैं. चेहरे पर चेहरे लिखाते हैं, सच्चाई कुछ और है.”
#WATCH | BJP MP Ravi Shankar Prasad, says “We are proud of our PM. We are coming back to power in 2024. PM Modi has given a statement that Indian National Congress, East India Company was founded by a foreign national. Today people are using names like Indian Mujahideen and… pic.twitter.com/XRpkEXl0eF
— ANI (@ANI) July 25, 2023
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पीएम मोदी ने कहा कि देश के नाम का इस्तेमाल करके जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता. पीटीआई ने भी सूत्रों के हवाले से लिखा है कि बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष निराश और हताश है और उसकी हरकतें बताती हैं कि वो अगले चुनाव में भी विपक्ष में ही रहेगा.
संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने इस बैठक के बारे में मीडिया से बात की. जोशी ने बताया, “पीएम मोदी ने कहा कि दिशाहीन और हताश विपक्ष के कारण हमें और सतर्क रहने की ज़रूरत है.” बीजेपी सांसद रविशंकर बोले, “पीएम मोदी ने हम सबसे कहा कि हम लोग जागृत हों. सुबह की भोर की तरह देश पुन: हमारी प्रतीक्षा कर रहा है. निश्चित ही हम जीतेंगे. 2024 का जब नतीजा आएगा तो इस हारे हुए, निराश हुए, थके हुए विपक्ष की संख्या और कम हो जाएगी.”
कांग्रेस ने दिया ये जवाब
कांग्रेस ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तंज का जवाब दिया है. पार्टी के सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने ट्विटर पर कहा कि “विपक्ष को कोसते-कोसते प्रधानमंत्री मोदी ‘इंडिया’ को ही भला बुरा कहने लग गये?” पीएम मोदी के बयान पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, “एक बात साफ़ है – अपनी घटिया ट्रोल आर्मी को निर्देश आप ही देते हैं. विपक्ष दिशाभ्रमित नहीं है – आप नैतिक दिवालियेपन का शिकार हैं.” सुप्रिया श्रीनेत ने अपनी प्रतिक्रिया में मणिपुर का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि “ज़ुबानी जमा खर्च बंद कीजिए. हिम्मत जुटाइये और मणिपुर पर बोलिये.”
विपक्ष को कोसते कोसते प्रधानमंत्री मोदी INDIA को ही भला बुरा कहने लग गये?
एक बात साफ़ है – अपनी घटिया ट्रोल आर्मी को निर्देश आप ही देते हैं.
विपक्ष दिशाभ्रमित नहीं है – आप नैतिक दिवालियेपन का शिकार हैं.
ज़ुबानी जमा खर्च बंद कीजिए.
हिम्मत जुटाइये और मणिपुर पर बोलिये.— Supriya Shrinate (@SupriyaShrinate) July 25, 2023




