
New Delhi: मंगलवार शाम आये भूकंप के झटकों से दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत का बड़ा हिस्सा हिल गया. भूकंप के केंद्र पाकिस्तान के रावलपिंडी शहर से 80 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में जाटलान में था.
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.3 मापी गयी है. भारत में पाकिस्तान से सटे जम्मू-कश्मीर में भूकंप की सबसे ज्यादा तीव्रता थी. भारतीय समयानुसार शाम 4:31 बजे भूकंप के झटके महसूस हुए.
इसे भी पढ़ें- क्लर्क नियुक्ति के लिए फॉर्म की फीस 1000 रुपये, कितना जायज? हमें लिखें…
जम्मू-कश्मीर में तेज था झटका
जम्मू-कश्मीर के राजौरी, पुंछ, जम्मू, उधमपुर और रामबन के कुछ हिस्सों में भूकंप काफी तीव्रता से महसूस किया गया. जम्मू-कश्मीर के अलावा दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किये गये हैं. इसके अलावा चंडीगढ़, अंबाला, पानीपत, अमृतसर, लुधियाना समेत पंजाब और हरियाणा के तमाम शहरों में भी भूकंप के झटके महसूस किये गये.
इसे भी पढ़ें – alexa.com रैंकिंग में देश में 18वें रैंक पर पहुंचा newswing.com
घरों व दफ्तरों से बाहर निकले लोग
अभी तक जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है. भूकंप के झटके लगने के बाद लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आये. दफ्तरों को भी खाली कराया गया.
दिल्ली समेत एनसीआर में काफी देर तक लोग भूकंप के डर के चलते खाली स्थानों और पार्कों में खड़े रहे. बता दें कि 20 सितंबर को महाराष्ट्र के पालघर जिले में भी भूकंप के झटके महसूस किये गये थे. हालांकि इस घटना में किसी के भी हताहत होने की जानकारी नहीं मिली थी.
पीओके में भारी तबाही, महिला समेत दो की मौत
भूकंप से पीओके में भारी तबाही की खबरें आ रही हैं. पीओके के मीरपुर में एक महिला समेत दो की मौत हो जाने की खबर है. कई इमारतें गिर गयी हैं और लोग उसमें दब गये हैं. वहीं कई इमारतों में दरारें आ गयी हैं. सड़कों में भी दरारें आ गयी हैं. राहत औऱ बचाव कार्य आरंभ कर दिया गया है.
इसे भी पढ़ें – Breaking : सीएम #RaghuwarDas का आवास घेरने जा रहीं आगनबाड़ी सेविकाओं पर पुलिस ने किया बल प्रयोग, देखें वीडियो



