
New Delhi: दिल्ली विधानसभा में बुधवार को उपस्थित विधायक, मंत्री तब हैरत में पड़ गए जब आप विधायक महिंदर गोयल ने सदन में नोटों की गड्डी लहरा दी. रिठाला से विधायक मोहिंदर गोयल ने नोट लहराते हुए कहा कि उन्हें खरीदने की कोशिश की गई. विधायक ने आरोप लगाया कि दिल्ली के अंबेडकर अस्पताल में माफिया पैसे लेकर नौकरियां दे रहा है. उन्हें चुप रहने के लिए रिश्वत देने की कोशिश की गई. गोयल ने सदन में बताया कि उन्होंने यह मुद्दा एलजी वीके सक्सेना के सामने भी उठाया था.
विधायक गोयल 15 लाख के नोटों की गड्डी झोले में लेकर विधानसभा पहुंचे थे. संबोधन के दौरान उन्होंने झोला से नोट निकालकर टेबल पर रख दिए. उन्होंने बताया कि ये वो टोकन मनी है, जो मुझे रिश्वत के तौर पर दिए गए. कहा कि जान जोखिम में डालकर यह काम कर रहे हैं. यह भी बताया कि पैसे के बदले नौकरी दिए जाने का मुद्दा मुख्य सचिव और एलजी के सामने भी रखा है. उन्हें पत्र भी लिखा गया है.विधायक गोयल ने अंबेडकर अस्पताल में की जा रही भर्ती का मामला उठाते हुए आरोप लगाया कि यहां जिन लोगों को नियमानुसार नौकरी दी जानी चाहिए, उन्हें नहीं दी जा रही है. यहां नर्सिंग और दूसरे पदों के लिए टेंडर निकाला गया है.




