
Jamshedpur : झारखंड गैर सरकारी विद्यालय संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से मुलाकात कर राज्य में अवस्थित निजी विद्यालयों की अव्यवस्था, स्थिति एवं दशा से अवगत कराया. अनुरोध किया कि जल्द से जल्द कक्षा एक से लेकर 12वीं तक की सभी कक्षाओं का पठन-पाठन ऑफलाइन माध्यम से संचालित करवाया जाए. साथ ही निजी विद्यालयों की जो वर्तमान भुखमरी की स्थिति है उसको देखते हुए आपदा कोष से राज्य के प्रत्येक विद्यालयों को उनकी क्षमता एवं आधारभूत संरचना के अनुसार तीन से पांच लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि जो निजी विद्यालय इस कोरोना काल में शून्य पर आकर खड़े हो गए हैं, उन्हें पुनः अपने विद्यालय को खड़ा करने एवं संचालित करने में सहायता मिल सके. प्रतिनिधिमंडल में झारखंड गैर सरकारी विद्यालय संघ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद ताहिर हुसैन, उपाध्यक्ष मिथिलेश प्रसाद श्रीवास्तव, महासचिव शिव प्रकाश शर्मा एवं कोषाध्यक्ष उदय शंकर पाठक तथा सना आफरीन शामिल रहे.
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर : नशे में घर आने पर भड़की पत्नी तो गुस्साये पति ने घर में लगायी आग, बुलानी पड़ी दमकल




