
Chakradharpur : लगातार हो रही बारिश गरीबों पर आफत बन कर टूट पड़ी है. गरीबी के कारण जैसे तैसे कच्चा मकान बना कर रह रहे लोगों को बारिश मे पूरी तरह बेघर कर दिया. सबसे ख़राब हालात चक्रधरपुर के पोटका में देखने को मिली है. बारिश में यहां ज्यादातर कच्चे मकान ढह गये हैं. इतना सबकुछ होने के बाद भी कोई भी सरकारी अधिकारी और जनप्रतिनिधि इन गरीबों की सुध नहीं ले रहा है और न ही इन्हें मदद पहुंचाने की कोशिश कर रहा है. जानकारी के अनुसार चक्रधरपुर के पोटका में कच्चे मकान गिरने की संख्या बढ़ती जा रही है. बुधवार सुबह तक 9 लोगों के घर या तो लगातार बारिश में ढह गये थे या फिर ढहने के कगार पर आ चुके थे. जिन लोगों के कच्चे मकान इस बारिश में जमींदोज हुए हैं उनमें तुलसी बोदरा, मालती हेम्ब्रम, कुंवर सिंह बोदरा, बागुन जामुदा, सुनील बोदरा, शलुका दोंगो, रातिलाल नायक, लेपरा नायक और रूकमनी मुरमू शामिल हैं. ये सभी कच्चे मकान में रहते थे. प्राकृतिक आपदा में अपना आशियाना खो चुके ये सभी गरीब पीड़ित लोग बेबस और लाचार नजर आ रहे हैं.
सोमवार से हो रही रुक-रुक कर भारी बारिश में इनके कच्चे मकान ढह गये हैं. राहत की बात है कि मकान ढहने से किसी को चोट नहीं आयी है. लेकिन प्राकृतिक आपदा ने इनके सिर से छत छीन लिया है. जहां इनके घर ढह गये हैं वहीं अब लगातार हो रही बारिश में इन्हें सिर छिपाने तक की जगह नहीं है. पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने पीएम आवास के लिए आवेदन भी दिया था. लेकिन उन्हें पीएम आवास का लाभ नहीं मिला. कई लोग पीएम आवास का आवेदन भरकर राह तकते रह गए. कुछ लोग स्वर्ग भी सिधार गये लेकिन उन्हें पक्का मकान बनाने के लिए सरकारी योजना से मदद नहीं मिली. गरीबों का पक्का मकान बन गया होता तो इस लगातार बारिश में ज़िन्दगी से जद्दोजहद नहीं करनी पड़ती. पोटका के युवा सामाजिक कार्यकर्ता एलन मुंडा का कहना है कि पोटका में बड़ी संख्या में लोग कच्चे मकान में रहते हैं. प्राकृतिक आपदा में इन्हें हर साल कोप का भाजन बनना पड़ता है लेकिन सरकार और प्रशासन के द्वारा इन पीड़ितों को कोई मदद नहीं दी जाती है. अब जिनके मकान गिरे हैं उनके लिए कई सारी समस्या उठ खड़ी हुई हैं. गरीबी में फिर से घर कैसे बनायें, फिलहाल कहां रहें, कहां खाना पकाएं कहां खाएं और कहां रहें. पीड़ितों को मदद की जरूरत है.
इसे भी पढे़ं – प्रेमिका के छोड़े जाने से आहत प्रेमी ने चाकू से किया जानलेवा हमला, लोगों ने की जमकर धुनाई, आरोपी गिरफ्तार




