
Jamshedpur : जमशेदपुर शहर का तापमान लगातार गिर रहा है. पिछले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान में 5.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. 23 नवंबर का शहर का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस था, जो घटकर अब 13.8 डिग्री पर पहुंच गया है. इससे ठंड के साथ-साथ कनकनी बढ़ गयी है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, एक व दो दिसंबर को सुबह में घना कोहरा छाया रहेगा. ठंड में कोहरे की वजह से विजीबिलिटी कम हो जाती है, जिसके कारण दुर्घटनाएं होती हैं.ऐसे में गाड़ी चलाते समय या सुबह-शाम टहलने वालों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. तीन से पांच दिसंबर तक आसमान में बादल छाये रहने का अनुमान है. साथ ही मध्यम दर्जे की बारिश भी हो सकती है. छह दिसंबर से मौसम साफ होगा. उसके बाद न्यूनतम तापमान में और भी गिरावट आ सकती है.
सर्दी-खांसी को हल्के में नहीं लें
जिल के सिविल सर्जन डॉ एके लाल ने बताया कि शहर में एक साथ कई तरह की बीमारियां फैली हुई हैं. ऐसे में सर्दी-खांसी व बुखार को हल्के में नहीं लेंं. यह कई बीमारियों के लक्षण हो सकते हैं. तीन दिन से अधिक बुखार व सर्दी-खांसी हो तो, तत्काल किसी चिकित्सक से दिखायें. सर्दी-खांसी व बुखार कोरोना के लक्षण हैं. वहीं कोरोना के नये ओमिट्रॉन वैरिएंट के लक्षण भी इसी से मिलते-जुलते हैं. इसके साथ ही डेंगू, जापानी इंसेफ्लाइटिस व चिकनगुनिया व मलेरिया के लक्षण में भी बुखार शामिल हैं. ऐसे में लापरवाही बरतना खतरनाक साबत हो सकता है.
इसे भी पढ़ें – आधुनिक महाभारत : जुआ में पत्नी हारा पति, फिर 2 लाख मांगे, इंकार किया तो तलाक कह रिश्ता किया खत्म




