
Dhanbad : गुरुवार को कतरास थाना के कांको मठ के समीप जंगल में एक कंकाल मिलने से सनसनी फैल गयी. यह कंकाल किसी बच्ची का बताया जा रहा है. बताया जाता है कि रामकनाली थाना अंतर्गत तीन साल की एक बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी गयी थी, जिसकी खोजबीन की जा रही थी. यह बच्ची फरवरी माह से ही लापता थी.
लोग जता रहे हैं आशंका- लापता बच्ची का ही है कंकाल
स्थानीय लोगों ने जंगल में पड़े कंकाल की सूचना पुलिस को दी. कंकाल की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उस कंकाल को जब्त कर लिया है. लोग अंदेशा जता रहे हैं कि यह कंकाल उसी लापता तीन वर्षीय बच्ची का है. पुलिस ने घटना की जानकारी बाघमारा एसडीपीओ को दी. जानकारी मिलते ही एसडीपीओ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच में जुट गये.
इसे भी पढ़ें – #CoronaUpdates : धनबाद के संदिग्ध में कोरोना संक्रमण की पुष्टि, झारखंड में हुए 29 केस
कंकाल के पास से बरामद किया गया बच्ची का कपड़ा
कंकाल के समीप से उस लापता बच्ची का कपड़ा भी पाया गया है, जिससे यह कयास लगाया जा रहा है कि यह कंकाल उसी लापता बच्ची का है. इस घटना को लेकर बाघमारा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने बताया कि 19 फरवरी को रामकनाली ओपी अंतर्गत खमारगोड़ा बस्ती से तीन वर्षीय बच्ची की गुमशुदगी की लिखित शिकायत की गयी थी. शिकायत के बाद बच्ची की खोजबीन की जा रही थी.
इसे भी पढ़ें – 5 हों या 10 लाख प्रवासी मजदूर, मोबाइल एप की मदद से अगले एक सप्ताह में मिलेगी आर्थिक मदद : हेमंत
एसडीपीओ ने कहा - प्रथम दृष्टया हत्या का ही लगता है मामला
गुरुवार को मिले कंकाल के पास उसी लापता बच्ची का कपड़ा मिलने से यह अंदेशा जताया जा रहा है कि शायद यह कंकाल उसी लापता बच्ची का है. कंकाल को अनुसंधान के लिए रामकनाली ओपी द्वारा जब्त कर लिया गया है. एसडीपीओ ने यह भी बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का ही मामला लगता है. हालांकि कई बिंदुओं पर जांच की जायेगी. साथ ही कुछ लोगों को चिह्नित भी किया गया है. जल्द ही इस घटना का उद्भेदन कर लिया जायेगा.
इसे भी पढ़ें – तीन मई को लॉकडाउन खत्म होने के बाद की हेमंत सरकार ने तय की रणनीति, जानिये प्रशासन को क्या मिला निर्देश



