DhanbadJharkhandNEWS

धनबाद: दो अलग-अलग सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत, 7 घायल

Dhanbad : बुधवार की सुबह हुए दो सड़क हादसे में एक वृद्ध महिला की जान चली गई वहीं सात लोग घायल हुए हैं. तोपचांची थाना क्षेत्र में गोमो-तोपचांची मार्ग पर बढ़ई कुल्ही के पास बुधवार की सुबह करीब 9 बजे गिट्टी लदे अनियंत्रित हाइवा ने एक टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो करीब सौ मीटर दूर जा गिरा और उसमें सवार तोपचांची के केवट कुल्ही में रहने वाली 80 वर्षीया चंचला देवी की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में घायल शांति देवी, बोती देवी तथा टेंपो चालक दामोदर साव की स्थिति गंभीर बताई जा रही है.

बताया जा रहा है कि सभी महिलाएं तोपचांची से टेंपो में सवार होकर मछली बेचने के लिए गोमो जा रही थीं. इसी दौरान गिट्टी लदे हाइवा ने बढ़ई कुल्ही के पास टेंपो को टक्कर मार दी. हाइवा से टक्‍कर के बाद टेंपो गड्ढे में जा गिरा. ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को टेंपो से निकालकर इलाज के लिए धनबाद भेजा गया. जहां चिकित्सकों ने 80 वर्षीय चंचला देवी को मृत घोषित कर दिया.

एनएच दो पर हुए हादसे में कार सवार चार लोग जख्‍मी

इधर, राजगंज के दलुडीह में एनएच दो पर हुए हादसे में कार सवार चार लोग जख्‍मी हो गए. जानकारी के मुताबिक, बुधवार को सुबह करीब छह बजे बिहार से बंगाल जा रही एक कार दलुडीह के समीप हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. स्‍थानीय लोगों ने बताया कि तेज गति से गुजर रही कार का अगला चक्का अचानक ब्लास्ट कर गया, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों घायलों को धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्‍पताल (एसएनएमएमसीएच) भेज दिया.

हादसे में जख्‍मी वाहन चालक तौफिक ने बताया कि वह अपने पूरे परिवार के साथ एक शादी समारोह में भाग लेने के लिए बिहार से अपने घर बंगाल जा रहा था. संयोगवश घटना के दौरान एयर बैग खुल जाने के कारण वाहन में सवार लोगों की जान बच गई. मालूम हो कि राजगंज में नेशनल हाईवे 2 पर सड़क पर मंगलवार को भी धावाचिता में सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई थी.

इसे भी पढ़ें: विधायक ढुल्लू महतो के खिलाफ रेप का प्रयास का आरोप लगाने वाली महिला के पति को हाईकोर्ट से मिली अग्रिम जमानत

Related Articles

Back to top button