
Saurav Singh
Dhanbad: जिले में कोयला के अवैध उत्खनन पर बीसीसीएल और ईसीएल रोक नहीं लगा पा रही है. जिसका नतीजा ये है कि पिछले एक महीने के दौरान कोयला के अवैध उत्खनन में सात लोगों की मौत हो गयी है और 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं.
कोयलांचल में बड़े पैमाने पर कोयले का अवैध उत्खनन और इसकी चोरी हो रही है. हर दिन सैकड़ों टन कोयले को तस्कर अवैध उत्खनन कर निकाल रहे हैं और फिर उसे यूपी के वाराणसी और बिहार के डेहरी भेज रहे हैं, इसके अलावा जीटी रोड के ईंट भट्ठों में भी इसे खपाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- असहमति के साथ केरल गवर्नर ने CAA के खिलाफ पढ़ा प्रस्ताव, सदन में UDF विधायकों ने रोका राज्यपाल का रास्ता
कैसे चलता है अवैध कोयले का कारोबार
मिली जानकारी के अनुसार धनबाद जिले में स्थित कोयला खदानों में हर दिन सैकड़ों लोग अवैध रूप से कोयला निकालते हैं. फिर कोयले को एक जगह जमा किया जाता है. स्थानीय कोयला तस्करों को एक ट्रक कोयला देने के बदले कम से कम 60 हजार रुपया मिलते हैं.
जिसके बाद कोयले को जीटी रोड के रास्ते मंडी भेजा जाता और लोकल ईट भट्ठे में खपाया जाता है. अवैध कोयले का यह कारोबार पुलिस, कोल कंपनी, खनन महकमा और राजनेताओं के संरक्षण में चलता है.
इसे भी पढ़ें- #NirbhayaCase: दोषी अक्षय ने SC में दायर की सुधारात्मक याचिका, मुकेश की अपील खारिज
अवैध खनन के दौरान चाल धंसने से हो रही मौत
धनबाद के अधिकांश जगहों पर जहां बीसीसीएल और ईसीएल ने खतरनाक बताते हुए खनन बंद किया है. लेकिन फिर भी उसी स्थान से अवैध तरीके से कोयला निकाला जा रहा है. इसी दौरान चाल धंसने की वजह से लगातार हो रहे हादसों में लोगों की मौत भी हो रही है.
अवैध कोयला सस्ते में उपलब्ध है, ऐसे में वैध कोयला अधिक कीमत पर नहीं खरीदा जा रहा. अधिकांश कोयले को कोक ओवन और स्पॉन्ज आयरन कंपनियों में खंपाया जा रहा है. वहीं अवैध कोयले को भारी मात्रा में बिहार के डेहरी ओनसोन और यूपी के चांदसी मंडी में बेचा जा रहा है.
जानकारी के अनुसार धनबाद, कतरास, गोविंदपुर, बोकारो के अलावे पड़ोसी राज्य बंगाल के बशीरहाट, मालदा, चंदननगर, कृष्णानगर समेत अन्य लोकेशन में कई हार्डकोक प्लांट और ईंट भट्ठे हैं. इन अवैध प्लांटों में स्थानीय माफिया, प्रशासन, राजनीतिक दलों की मिलीभगत से अवैध कोयले को खपाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें- लोहरदगा: हालत सामान्य, आज कर्फ्यू में 4 घंटे की ढील
पिछले एक महीने में खनन के दौरान हुई सात मौत
26 दिसंबर 2019: धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र के चापापुर ओसीपी में अवैध खनन के दौरान मलबे में दबकर दो लोगों की मौत हो गयी.
14 जनवरी 2020: धनबाद के निरसा में कोयले के अवैध उत्खनन के दौरान चाल धंसने से दो लोगों की मौत हो गयी थी और चार लोग घायल हो गये थे.
25 जनवरी 2020: धनबाद के ईसीएल मुगमा क्षेत्र स्थित कापासारा आउटसोर्सिंग के नीचे जमा पानी के समीप रात में अवैध कोयला खनन के दौरान चाल गिरने से तीन लोगों की मौत हो गयी थी.




