
Dhanbad: CAA और NRC को लेकर बुधवार को भारत बंद का ऐलान किया गया है. जिसका असर धनबाद जिले में देखने को मिल रहा है. कहीं जुलूस निकालकर सरकार के विरोध में नारेबाजी की गयी तो कहीं सड़क जामकर विरोध-प्रदर्शन किया गया.
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर एनआरसी, सीएए और एनपीआर को संविधान विरोधी कानून बताया. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार को संविधान से खिलवाड़ करने का कोई हक नहीं है.
इसे भी पढ़ेंःधनबाद: अवैध कोयला उत्खनन पर रोक नहीं लगा पा रही BCCL-ECL, एक महीने में सात की मौत
केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
एनआरसी, एनपीआर, आरसीए के विरोध में झरिया में भी लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. जुलूस निकालकर सड़क जाम किया गया. जुलूस में शामिल लोगों ने जमकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. साथ ही इस कानून को जल्द से जल्द वापस लेने की बात कही. नहीं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

इस दौरान लाइन मस्जिद रोड में टायर जलाकर विरोध जताते हुए सीएए के विरोध में प्रदर्शन किया. वहीं जानकारी मिलने के बाद नगर थाना प्रभारी समेत डीएसपी बिनोद रवानी, संतोष मिश्रा के अलावे नगर थाना प्रभारी दिलीप यादव ने स्थानीय लोगों के सहयोग से टायर बुझाया.
धनबाद के साथ-साथ झरिया, सिंदरी, बाघमारा, निरसा आदि जगहों पर भी बंद के समर्थन में जुलूस निकाला गया. इस दौरान सड़कें जाम की गयी और दुकानें भी बंद करवायी गयी. सड़क जाम होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा.
इसे भी पढ़ेंः#NirbhayaCase: दोषी अक्षय ने SC में दायर की सुधारात्मक याचिका, मुकेश की अपील खारिज

सुरक्षा को लेकर तैनात किये गये पुलिस बल
बहुजन क्रांति मोर्चा की ओर से आयोजित भारत बंद को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये थे. जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि लोगों को शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन करने का अधिकार है, लेकिन आंदोलन के दौरान कहीं भी माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की गयी तो प्रशासन उससे सख्ती से निपटेगा. किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है.
इसे भी पढ़ेंःलोहरदगा: हालत सामान्य, आज कर्फ्यू में 4 घंटे की ढील




