
Ranchi: भारतीय संविधान लागू होने के 75 वर्ष पूर्ण होने पर कांग्रेस द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर संविधान रक्षक अभियान प्रारंभ किया गया है. इसी कड़ी में रांची (झारखंड) में भी 60 दिवसीय अभियान मंगलवार से प्रारंभ किया गया. इसकी शुरुआत डॉ भीमराव अंबेडकर चौक, डोरंडा में की गयी. बाबा साहब की प्रतिमा पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और अन्य ने माल्यार्पण किया तथा संविधान के प्रस्तावना का पाठ कर संविधान विरोधी ताकतों से संविधान तथा संविधान की मूल भावना के अनुसार देश हित की रक्षा का संकल्प लिया. मौके पर श्री कमलेश ने कहा कि आज संविधान विरोधी ताकतें संविधान की मूल भावना से एक दशक से खेलने का प्रयास कर रही हैं. पर कांग्रेस का संघर्ष ऐसी ताकतों के विरुद्ध लगातार जारी है. भारत जैसे लोकतांत्रिक देश के लिए संविधान एक पवित्र ग्रंथ के समान है. इसके साथ छेड़छाड़ की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती है. भारतीय नागरिकों के अधिकार और कर्तव्यों की व्याख्या पूर्ण रूपेण इसमें की गई है. आज इसके ही प्रावधानों के कारण देश की एकता अखंड है. इसमें बदलाव की मंशा रखने वाली विचारधारा देश की एकता अखंडता के साथ खिलवाड़ करना चाहती हैं जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इसे बचाने के लिए संघर्ष के जिस रास्ते को अपनाना पड़ेगा, उसे हम अपनाएंगे. अभियान के दौरान संविधान के प्रावधानों के अनुरूप देश के वंचित तबके को उनका हक दिलाने की पहल की जाएगी. बताया जाएगा कि किस तरह भाजपा द्वारा गरीब विरोधी नीतियां और पूंजीवाद समर्थक रास्ते अपनाए जा रहे हैं. देश की अन्य जातियों को उनकी संख्या के अनुरूप हिस्सेदारी दिलाने के लिए जातिगत जनगणना के मूल उद्देश्यों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा. अभियान का मूल उद्देश्य जनता के साथ भाजपा आरएसएस मॉडल की सच्चाई बताना है. औद्योगिक घरानों की समर्थक केंद्र सरकार की सच्चाई को भी सामने रखा जाएगा. देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचलने के लिए किस तरह एजेंसियों का उपयोग करके विरोधी दलों को तोड़ा जा रहा है, उसे जनता के सामने लाया जाएगा. कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वरीय कांग्रेस नेता अनादी ब्रह्म, पूर्व विधायक जेपी भाई पटेल के अलावा राकेश सिन्हा, रवींद्र सिंह,सतीश पॉल मुजनी, जयशंकर पाठक,राजीव रंजन प्रसाद,संजय लाल पासवान, सोनाल शांति,विनय सिन्हा दीपू, अमूल्य नीरज खलखो, राजन वर्मा,अभिलाष साहू सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे.



