
Giridih: शौर्य और पराक्रम के महापर्व रामनवमी को लेकर जिले में हिंदू संगठनों की तैयारी जोर-शोर से जारी है. इस बीच रविवार को न्यू समाहरणालय में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. इस मौके पर डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि रमजान और रामनवमी के त्योहार को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में शांति समिति की भूमिका बेहद खास है. ऐसे में जिला प्रशासन की अपनी तैयारी पूरी है. प्रशासन हर परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह से तैय़ार है. डीसी ने कहा कि जितने बल की जरुरत होगी, उससे काफी अधिक सुरक्षा बल गिरिडीह में उपलब्ध है. डीसी ने कहा कि शांतिपूर्वक त्यौहार को लेकर शांति समिति के 19 सदस्यों को चिन्हित किया गया है, जो रामनवमी को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में जिला प्रशासन को सहय़ोग करेगा.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह में भाजपा नेत्री विनीता कुमारी को स्थानीय भाजपा नेताओं ने किया सम्मानित

बैठक के दौरान डीसी ने शाम होते ही बिजली आपूर्ति ठप करने, नियंत्रण कक्ष के तय समय से कार्य करने और शहर में कई स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाएं जाने की भी बात कही. इसके अलावा शहर के कई स्थानों पर पेयजल और मेडिकल सुविधा उपलब्ध रहने की भी जानकारी दी. बैठक में सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव ने महिलाओं की सुरक्षा का मामला उठाया तो वहीं सदस्य बाबुल गुप्ता ने बड़ा चौक पर हर अखाड़ा के वक्त पर पहुंचने को सुनिश्चित करने की बात कही. मंगरोडीह अखाड़ा कमेटी के सदस्य निर्भय सिंह ने प्रस्ताव रखा कि हर हाल में बरवाडीह में एक बड़े मंच का निर्माण हो, जिसे बरवाडीह में सावधानी पूर्वक खिलाड़ी अपना प्रदर्शन कर सके. इस दौरान झामुमो नेता सईद अख्तर ने शांति समिति के सदस्यों से ही उपद्रवियों की पहचान करने का सुझाव रखा. बैठक में एसपी अमित रेणु, प्रशिक्षु आईएएस उत्कृष कुमार, अपर समाहर्ता विल्सन भेंगरा समेत समिति के कई सदस्य मौजूद थे.




