JamshedpurJharkhand

शहर में नहीं थमा रहा साइबर अपराध, मानगो के व्यक्ति के खाते से उड़ाये 3.49 लाख

Jamshedpur : शहर में साइबर अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है. अपराधी एक के बाद एक लोगों को शिकार बनाते हुये उनके बैंक खाते से रुपये उड़ा रहे हैं. इस बीच साइबर अपराधियों ने मानगो निवासी सैयद सफीउल्लाह को अपना निशाना बनाया है. उन्हें झांसे में लेते हुये अपराधियों ने पहले उनके बैंक खाते का डिटेल जाना और खाते से 3.49 लाख रुपए की अवैध निकासी कर ली. पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत साइबर थाने में की है.

गूगल पर कस्टमर केयर नंबर सर्च करना पड़ा महंगा

दर्ज शिकायत के मुताबिक सैयद सफीउल्लाह का इंडसैंड बैंक के मानगो शाखा में खाता है. उसमें एलआईसी का पेमेंट नही आने पर उन्होंने बैंक का कस्टमर केयर नंबर गूगल पर सर्च किया. गूगल में मिले नंबर 180041204155 पर फोन किया. इस पर फोन रिसीव करने वाले ने उन्हें दूसरे नंबर से कॉल करने की बात कही. कुछ देर बाद 89275566972 नंबर से उनके मोबाइल नंबर पर कॉल आया. कॉल करने वाले ने उनके खाते में तुरंत पैसे मंगवा देने की बात कही. फिर उसी बहाने उसने सैयद सफीउल्लाह के एटीएम कार्ड का नंबर, सीवीवी और एक्सपेरी डेट मांग लिया. उसके बाद सैयद सफीउल्लाह के मोबाइल पर पांच बार ओटीपी आया. उन्होंने पूछने पर कॉल करने वाले को ओटीपी बता दिया. फिर क्या था, उनके खाते से कुल 3.49 लाख रुपए कट गए. जब सैयद सफीउल्लाह जानकारी लेने बैंक गये तो उन्हें पता चल गया कि वे साइबर ठगी के शिकार हो गये हैं. ठगों ने उनके एफडी को भी तोड़कर सारे रुपए ट्रांसफर कर लिये है. तब मामला साइबर थाना पहुंचा. साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

काशीडीह के व्यक्ति से 21 हजार 600 की ठगी 

इधर एक अन्य मामले में काशीडीह निवासी विमलेश गुप्ता के खाते से साइबर अपराधियों ने 21,600 रुपये की निकासी कर ली. दरअसल उन्होंने मिशो ऐप से साड़ी मंगायी थी, जिसके डिलीवर को लेकर वे साइबर अपराधियों के झांसे में आ गये. उसी बहाने उनके मोबाइल पर एनी डेस्क ऐप डाउनलोड करवाकर खाते से रुपयो की निकासी कर ली. मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस इसकी जांच में जुटी है.

Related Articles

Back to top button