
Ranchi : झारखंड पुलिस एसोसिएशन और कांग्रेस विधायक दीपिका पांडे के बीच आर पार की लड़ाई शुरू हो गयी है. झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने महगामा की विधायक दीपिका पांडेय सिंह को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है. विधायक की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस एसोसिएशन ने आंदोलन की चेतावनी दी है.
पुलिस एसोसिएशन का आरोप है कि पहले विधायक ने एक पुलिस पदाधिकारी का कॉलर पकड़कर दुर्व्यवहार किया. फिर अपने सहयोगी के माध्यम से मारपीट कराई. इसके बाद विधायक उल्टे धरने पर बैठ गईं.
एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने कहा है कि यह पहली घटना नहीं है. विधायक ने कोरोना महामारी में भी नियमों का उल्लंघन किया है. इससे पहले भी उन्होंने कोरोना महामारी के नियमों का उल्लंघन कर थाने में हंगामा किया था.
इसे भी पढ़ें:रिम्स में बार-बार कट रही बिजली, ऑक्सीजन सप्लाई रुकने से सैकड़ों कोविड मरीजों की जान सांसत में
पुलिस एसोसिएशन सरकार और पुलिस मुख्यालय से मांग करती है कि विधायक की जल्द गिरफ्तारी की जाए. अगर जल्द विधायक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो पुलिस एसोसिएशन आंदोलन को बाध्य हो जाएगा.
गोड्डा के मेहरमा थाने के दारोगा कश्यप गौतम ने विधायक दीपिका पांडेय सिंह और उनके एक सहयोगी रॉबीन मिश्रा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है. दारोगा ने आरोप लगाया है कि एक मामले में निलंबित होने के बाद पुलिस केंद्र गोड्डा में योगदान दिया था.
25 अप्रैल को मेहरमा थाने के लंबित कांड और अन्य प्रभार सौंपने गया था. इस दौरान शाम के करीब छह बजे कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह अपने सहयोगी रॉबीन मिश्रा के साथ पहुंची और कहा निलंबित दरोगा वापस इस क्षेत्र में कैसे आ गया.
इसके साथ ही विधायक के इशारे पर रॉबीन मिश्रा ने मारपीट शुरू कर दिया. इसके साथ ही कांड से संबंधित फाइलों को फाड़ दिया और कुछ दस्तावेज साथ लेकर विधायक चली गयी.
इसे भी पढ़ें:भारत को सहायता : कनाडा एक करोड़ डॉलर देगा, ब्लैकस्टोन प्रमुख ने 50 लाख डॉलर की सहायता दी




