
Ranchi : झारखंड में बुधवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज बढ़ गया. यह मामला हिंदपीढ़ी का है. राज्य में अब कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 28 हो गयी है, जिनमें दो की मौत हो चुकी है.
पॉजिटिव पाये गये लोगों में 14 रांची, 9 बोकारो, 2 हजारीबाग, 1 गिरिडीह, 1 कोडरमा व 1 सिमडेगा के हैं.
रिम्स में बुधवार को 180 सैंपल की जांच की गयी, जिसमें 179 की रिपोर्ट निगेटिव आयी. वहीं हिंदपीढ़ी निवासी 50 वर्षीय एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव पायी गयी. व्यक्ति शुगर का मरीज भी है. धनबाद के पीएमसीएच और जमशेदपुर के एमजीएम की रिपोर्ट अभी नहीं आयी है.
हिंदपीढ़ी निवासी मरीज को स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके परिवार के साथ रिम्स ले आयी. मरीज और उसके परिजनों को दो एंबुलेंस से रिम्स लाया गया. संक्रमित मरीज के अलावा चार महिलाओं को लाया गया है. उनके साथ एक लड़का भी है.
इसे भी पढ़ें – #FightAgainstCorona : कोरोना के 207 क्षेत्रों में फैलने की आशंका, स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को जारी की गाइडलाइन
झारखंड में ऐसे बढ़े मामले
31 मार्चः राज्य में पहला केस राजधानी के हिंदपीढ़ी में मिला था. यह 22 साल की मलेशियाई महिला थी. यह तबलीगी जमात में शामिल होकर हिंदपीढ़ी में रह रही थी. पुलिस को मिली सूचना के बाद उसे क्वारंटाइन में भेज कर जांच करायी गयी थी, जिसमें उसके पॉजिटिव होने की बात सामने आयी.
2 अप्रैलः हजारीबाग के विष्णुगढ़ में एक शख्स में संक्रमण की पुष्टि हुई थी. वो कुछ दिनों पहले कोलकाता से लौटा था.
5 अप्रैलः बोकारो से तीसरा केस सामने आया, जहां बांग्लादेश से लौटी एक महिला कोरोना संक्रमित पायी गयी. वो तबलीगी जमात में शामिल हुई थी.
6 अप्रैलः राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी से एक और महिला में इस संक्रमण की पुष्टि हुई है. पीड़ित महिला की उम्र 54 साल है. उनकी कोई ट्रैवेल हिस्ट्री नहीं है. खबर है कि पीड़ित महिला राज्य की पहली संक्रमित मलेशियाई महिला के सीधे संपर्क में आयी थी.
इसे भी पढ़ें – #FightAgainstCorona : सिमडेगा में एक कोरोना पॉजिटिव मिलने पर प्रशासन ने 3 किमी तक के क्षेत्र को किया सील
9 अप्रैलः झारखंड में एक साथ 9 पॉजिटिव केस आने के बाद झारखंड में कुल मरीजों की संख्या 13 हो गयी. नये मरीजों में 4 बोकारो जिले के चंद्रपुरा इलाके के थे. 5 रांची के हिन्दपीढ़ी के रहनेवाले थे. बाकारो के जिन व्यक्तियों में कोरोना का संक्रमण पाया गया है, वह वहां पहले से संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आये थे. रांची के हिन्दपीढ़ी मुहल्ले से जो नये मामले सामने आये हैं, वे सभी पहले से पीड़ित परिवार के सदस्य हैं. एक मामला हजारीबाग के विष्णुगढ़ से सामने आये थे.
11 अप्रैलः झारखंड एक साथ तीन और कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई. इसके साथ ही झारखंड में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 17 हो गयी. नये कोरोना संक्रमित मरीजों में रांची, हजारीबाग व कोडरमा जिला के एक-एक मरीज शामिल थे. मामले को लेकर कोडरमा डीसी रमेश घोलप का कहना था कि जिस मरीज को कोडरमा का बताया जा रहा है वह कोडरमा का नहीं बल्कि गिरिडीह के धनवार थाना क्षेत्र का है.
12 अप्रैलः झारखंड में कोरोना के दो और मरीजों की पुष्टि हुई. दोनों मरीज बोकारो के गोमिया प्रखंड के साड़म गांव के दलाल टोला के रहने वाले थे. ये आपस में पिता-पुत्र थे. इन्हीं के परिवार के एक सदस्य की कोरोना से मौत हुई थी. नये मरीज मृतक के भाई और भतीजे हैं. इन दो नये मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के साथ ही राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या 19 हो गयी, जिनमें से दो की मौत हो गयी.
13 अप्रैलः झारखंड में 13 अप्रैल को पांच और कोरोना संक्रमित मरीज मिले. इन नये मरीजों में तीन रांची के हैं, जबकि एक बोकारो व एक गिरिडीह जिले का है. रांची के तीनों नये मरीज हिन्दपीढ़ी के रहनेवाले हैं. तीनों मरीज हिन्दपीढ़ी के कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में थे. इनकी उम्र 35, 40 और 45 साल है. बोकारो जिले का जो मरीज कोरोना संक्रमित पाया गया है वह गोमिया प्रखंड के साड़म गांव का रहनेवाला है. उसकी उम्र 24 साल है. वहीं, गिरिडीह जिले में पायी गयी मरीज (60) उस मरीज की मां है जो कोडरमा में इलाज के दौरान जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया था.
14 अप्रैलः झारखंड में 14 अप्रैल को तीन नये कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई. इनमें दो मरीज रांची के हिन्दपीढ़ी के थे. जबकि एक मरीज सिमडेगा जिले का था. तीनों नये मरीजों का तबलीगी कनेक्शन रहा है.
बोकारो व रांची के एक-एक मरीज की हो चुकी है मौत
इससे पहले बोकारो जिले में एक 75 वर्ष के शख्स की कोरोना से मौत हो चुकी है. उसमें कोरोना संक्रमण के लक्षण पाये जाने के बाद उसे बीजीएच में भर्ती कराया गया था जहां उसका इलाज चल रहा था. मृतक गोमिया प्रखंड के साड़म के दलाल टोला का रहने वाला था. बताया जा रहा है कि शख्स को सर्दी-खांसी की शिकायत के बाद इलाज के लिए भर्ती कराया गया था. उसकी कोरोना संक्रमण की जांच की गयी थी और रिपोर्ट पॉजिटिव पायी गयी थी.
इसके अलावा रविवार को रांची के हिन्दपीढ़ी के एक कोरोना पॉजिटिव मरीज ने भी दम तोड़ दिया था. उसके अंतिम संस्कार को लेकर दिनभर विवाद होता रहा. देर रात हिन्दपीढ़ी के ही बच्चा कब्रिस्तान में उसके शव को सुपुर्दे-खाक किया गया.
इसे भी पढ़ें – मुंबई और सूरत के बाद अब दिल्ली में बाहर निकले मजदूर, प्रशासन कर रहा शेल्टर होम ले जाने की कोशिश



