
Ranchi : राजधानी के मेन रोड स्थित प्रतिष्ठित जीईएल चर्च कॉम्प्लेक्स में चल रहे अवैध निर्माण कार्य को रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने शुक्रवार को रोक दिया. निगम के टाउन प्लानर मनोज कुमार ने कहा है कि शहर के इस प्रतिष्ठित कॉम्प्लेक्स के केवल जी प्लस टू के निर्माण की स्वीकृति निगम ने दी है, लेकिन कॉम्प्लेक्स में अन्य दो फ्लोर बनाये जा रहे हैं, वे अवैध हैं. जानकारी मिलते ही निगम की टीम ने यह कार्रवाई की है.
इसे भी पढ़ें – पहले जिस पप्पू लोहरा के साथ घूमते थे, अब उससे ही लड़ना पड़ रहा झारखंड पुलिस को
मामला पहले से ट्रिब्यूनल में है लंबित
टाउन प्लानर का कहना है कि कॉम्प्लेक्स में अवैध निर्माण का मामला ट्रिब्यूनल में चल रहा है. कॉम्प्लेक्स के ऊपरी हिस्से का अवैध निर्माण किया गया है, लेकिन अब कॉम्प्लेक्स के मालिकों द्वारा ऊपर के अंतिम तल्ले पर शेड लगा कर अवैध निर्माण किया जा रहा है. निगम को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, तो इंफोर्समेंट टीम ने कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को रुकवा दिया. अब आगे इस पर क्या कार्रवाई की जायेगी, उसकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है.
इसे भी पढ़ें – मोदी सरकार चाहती है हर दिन सोने का अंडा देने वाली मुर्गी के सारे अंडे एक साथ निकालना
नक्शा उपलब्ध नहीं कराने पर अवैध निर्माण को तोड़ेगा निगम
मनोज कुमार ने बताया कि कॉम्प्लेक्स का नक्शा काफी पुराना है. लेकिन जहां तक उन्हें जानकारी मिली है, नक्शा केवल जी प्लस टू का ही पास है. लेकिन अवैध तरीके से दो फ्लोर और बना लिये गये हैं. उन्होंने कहा कि निगम की तरफ से जल्द ही कॉम्प्लेक्स को एक नोटिस भेज नक्शा उपलब्ध कराने को कहा जायेगा. अगर कॉम्प्लेक्स के अवैध निर्माण का नक्शा उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो नगर आयुक्त कोर्ट से आदेश मिलते ही अवैध निर्माण को तोड़ने का काम निगम करेगा.
इसे भी पढ़ें – बीजेपी मंत्री-सांसद विवाद : मार्केट निर्माण के निरीक्षण में गये थे डिप्टी मेयर, टारगेट बने मंत्री सीपी सिंह



