
Ranchi: एक तरफ जहां झारखंड के सभी लोकसभा सीटों पर बीजेपी ने अपने उम्मीदवार उतार दिये हैं, वहीं कांग्रेस और जेएमएम खेमे में उम्मीदवारों पर मंथन जारी है. न्यूज विंग से बात करते हुए मंत्री आलमगीर आलम ने बताया कि वो और प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर आज दिल्ली रवाना हो रहे हैं. शाम में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक है. बैठक खत्म होते-होते देर रात हो सकती है. पहले यह तय होगा कि कांग्रेस किन सीटों पर चुनाव लड़ेगी, उसके बाद यह तय होगा कि उन सीटों पर उम्मीदवार कौन-कौन होंगे. उन्होंने बताया कि अगर बैठक जल्दी खत्म हो गयी तो रात में ही उम्मीदवारों की घोषणा हो सकती है. अगर बैठक देर रात तक चली तो गुरुवार को उम्मीदवारों की घोषणा होगी.
कांग्रेस खेमे में गहमागहमी
स्क्रीनिंग कमिटी की बैठक को लेकर कांग्रेस खेमे में गहमागहमी तेज हो गयी है. टिकट की आस रखने वाले उम्मीदवारों ने अपनी लॉबिंग तेज कर दी है. झारखंड से लेकर दिल्ली तक फोन की घंटी बज रही है. गोड्डा और धनबाद के अलावा बाकी सभी जगहों के भावी उम्मीदवारों ने अपनी पूरी ताकत लगानी शुरू कर दी है. इनके पास बस चंद घंटों का समय बचा हुआ है. जिन्हें यह पता है कि उन्हें टिकट मिलना पक्का है, वो क्षेत्र में प्रचार का कमान शुरू संभाल चुके हैं. बाकी बस कन्फर्मेशन का इंतजार कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें – बड़गाईं अंचल की जमीन घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ ईडी जल्द कर सकती है चार्जशीट



