
Ranchi : शनिवार की देर शाम प्रदेश भाजपा ने गिरिडीह के छह उम्मीदवारों के नाम का एलान किया. सबसे बड़ी बात रही कि इस बार पार्टी ने जिले में एक साथ दो महिला उम्मीदवारों को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतारा है. गिरिडीह के लिए भी यह पहला मौका होगा, जब कोई राष्ट्रीय पार्टी के चुनाव चिन्ह पर दो महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगी. लिहाजा, गांडेय और जमुआ में मुकाबला बेहद दिलचस्प होगा. क्योंकि जमुआ से भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर मंजू कुमारी ने जहां सेक्युलर विचारधारा वाले दल को छोड़ कर भगवा थामा, वहीं भगवा रंग से तीन बार विधायक रहे केदार हाजरा भगवा छोड़ कर अब सेक्युलर विचारधारा से जुड़ चुके हैं. लेकिन जिले में सबसे अधिक चर्चा वाली सीट गांडेय और गिरिडीह सदर विधानसभा है. जिस कर जिला समेत राज्य भर की निगाहें हैं. देर शाम प्रत्याशी का ऐलान होने के बाद सदर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी निर्भय शाहाबादी और गांडेय की भाजपा महिला प्रत्याशी सह जिप अध्यक्ष मुनिया देवी को टिकट मिलने के बाद न्यूज विंग ने दोनों प्रत्याशियों से खास बातचीत की.
सदर विधानसभा के प्रत्याशी निर्भय शाहाबादी ने टिकट देने के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का अभार जताते हुए कहा कि उन पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नेतृत्व को पूरा भरोसा था. वो जनता के साथ कार्यकताओं से सीधा संवाद रखे हुए थे. ऐसे में अब मकसद एक ही है कि हेमंत सरकार को अब सत्ता से उखाड़ कर फेंका जाये.
बातचीत के क्रम में गांडेय की महिला प्रत्याशी मुनिया देवी ने कहा कि उन पर पीएम मोदी के साथ अमित शाह और जेपी नड्डा ने जो भरोसा जताया है, उस कसौटी पर वो खरा उतरेंगी. एक सवाल के जवाब में मुनिया देवी ने कहा कि गांडेय में कोई राजनीतिक लड़ाई नहीं है. बस जनता के दिलों में भाजपा के साथ वो भी हैं.



