
Special correspondent
Ranchi : चतरा जिला के कान्हाचट्टी प्रखंड में अधिकारियों-संवेदकों के आपसी गठजोड़ से लाखों की राशि के बंदरबांट का मामला पकड़ में आ रहा है. बड़े पैमाने पर ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं में गड़बड़ी की बात सामने आयी है. दिलचस्प बात यह है कि गड़बड़ी पकड़ाये चार से पांच माह बीत गये हैं लेकिन अभी तक वहां के प्रखंड विकास पदाधिकारी ने ठोस कार्रवाई नहीं की है. जांच रिपोर्ट दबा दी गई.
इस मामले की शिकायत राज्य के मुख्य सचिव से की गयी है. सीएस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है. सूत्रों के अनुसार ग्रामीण विकास विभाग ने कान्हाचट्टी बीडीओ से स्पष्टीकरण पूछने का आदेश दिया है. वहां से जवाब आते ही विभाग कड़ी कार्रवाई की तैयारी भी कर रहा है.
इसे भी पढ़ें :महाराष्ट्र में कोरोना का डेल्टा प्लस वेरिएंट मचा रहा तांडव, अब तक 5 की मौत
दरअसल, यह बात सामने आ रही है कि चतरा के कान्हाचट्टी प्रखंड के तुलबूल पंचायत सहित अन्य पंचायतों में नौ से अधिक योजनाओं के क्रियान्वयन में खानापूर्ति की गयी है और लाखों की राशि का बंदरबांट किया गया है. मामले की जांच प्रखंड कृषि पदाधिकारी से करायी गयी है. जिसमें, मनरेगा की विभिन्न योजनाओं सहित,पीएम आवास ग्रामीण आदि की नौ योजनाओं में अनियमितता की बात सामने आयी है जांच में सभी योजनाएं आधी-अधूरी मिली है. योजना पूर्ण नहीं होने के कारण लाभुकों को इसका कोई फायदा भी नहीं हुआ.
ग्रामीण विकास विभाग ने योजनाओं के कार्यान्वयन में बरती गयी अनियमितता के लिए जिम्मेवार
पदाधिकारियों,कर्मियों एवं व्यक्तियों को चिह्नित करते हुए उनके खिलाफ भी कार्रवाई का निर्देश दिया है. पूरी रिपोर्ट भी मांगी गयी है.
इसे भी पढ़ें :तालिबान ने दी भारत को धमकी, अगर सेना भेजी तो भुगतना होगा अंजाम
चतरा में पहले भी 40 सड़क गायब होने का मामला आया था
चतरा जिले में पहले भी 40 सड़कों के गायब होने का मामला सामने आया था. मनरेगा योजना से मिट्टी-मोरम की सड़क की योजना ली गयी थी. जांच में यह बात सामने आयी थी कि अधिकांश सड़कें बनी ही नहीं और कागजों पर बनी दिखा दी गयीं. कुछ सड़कों में मामूली मिट्टी-मोरम डालकर छोड़ दिया गया था जो धीरे-धीरे समाप्त हो गया. पूरे मामले में वहां के आधा दर्जन अधिकारी-इंजीनियर व मनरेगा कर्मियों पर कार्रवाई हुई थी.
इसे भी पढ़ें :Ranchi News : जानें स्वतंत्रता दिवस पर क्या होगा राजधानी का ट्रैफिक प्लान, कहां है नो एंट्री




