
Bokaro: कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए बोकारो जेनरल अस्पताल (बीजीएच) ने भी कमर कस ली है. अनावश्यक भीड़ रोकने से लेकर सही मरीज की पहचान और इलाज के लिए पुख्ता इंतजाम किये गये हैं.
बीजीएच में अनावश्यक भीड़ कम करने के लिए 15 चिकित्सकों का एक टास्क फोर्स बनाया गया है. इस टास्क फोर्स के चिकित्सक अस्पताल मेन गेट पर ही आने वाले लोगों से मिलकर अस्पताल आने का कारण पूछ रहे हैं. यदि बहुत ज़रूरी न हो, तो उन्हें बाद में आने को कहा जा रहा है.
बीजीएच में 90 बेड का आइसोलेशन वार्ड पहले ही तैयार कर लिया गया है और चिकित्सकों व चिकित्सा कर्मियों के लिए PPE (विशेष सेफ़्टी ड्रेस) मंगाया गया है.
इसके अलावा COVID-19 के मरीज़ों के इलाज के लिए आवश्यक कुछ ज़रूरी उपकरण की अतिरिक्त व्यवस्था भी की जा रही है. इमरजेन्सी केसेज़ को छोड़ अस्पताल में सभी इलेक्टिव सर्जरी 31 मार्च तक के लिए स्थगित कर दी गयी है.
अस्पताल प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि अस्पताल में अनावश्यक भीड़ न करें तथाCOVID-19 के संक्रमण के खतरे को रोकने की मुहिम में सहयोग करें.
इसे भी पढ़ें : #LockdownNow लॉकडाउन की घोषणा के बाद भी राज्य के प्रमुख शहरों में खुले रहे बाजार, वाहन भी चले
ऐसी है तैयारी
- अस्पताल की फार्मेसी से दवा लेने वालों की भीड़ कम करने के लिए सेक्टर 1, 6, 9 एवं 12 के हेल्थ सेंटर्स में दवा देने की व्यवस्था की गयी है. इसके अलावा ओएचएस (प्लांट मेडिकल) में भी इसकी व्यवस्था की जा रही है.
- अस्पताल में प्रतिदिन ब्लड टेस्ट की संख्या भी कम की जा रही है ताकि भीड़ कम की जा सके.
- वार्ड में प्रवेश हेतु केवल एक ही रास्ता खुला रखा जा रहा है जो एमजी वार्ड की तरफ से है.
- एक मरीज़ के साथ एक ही अटेंडेंट की व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जा रहा है.
- सेक्टर- 9 की तरफ खुलने वाले गेट को बंद कर दिया गया है.
- फ्लू जैसे लक्षण (सामान्य खाँसी- सर्दी) वाले मरीजों के लिए भी वार्ड IIIC को स्पेशल फ्लू वार्ड के तौर पर तैयार किया गया है ताकि अस्पताल आने वाले अन्य मरीज़ों से इन्हें अलग रखा जा सके . इस वार्ड में भर्ती होने वाले मरीज़ों के लिए अलग लिफ्ट भी रखी गयी है. वार्ड IIIC में 40 बेड हैं और महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था है.
- अस्पताल के सभी वार्ड, ओपीडी तथा लिफ़्ट में प्रोटोकॉल के अनुसार नियमित रूप से सफाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें : #LockdownNow: रांची से इटली गये विनय गुड़िया ने सुनायी आपबीती, दिखाया इटली का दर्दनाक दृश्य




