
Surat: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘मोदी सरनेम’ टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में दोषी ठहराए जाने के खिलाफ अदालत में अपील करने के लिए सोमवार को सूरत पहुंचे. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी भाई राहुल के साथ सूरत आईं. सूरत कोर्ट ने राहुल को 13 अप्रैल तक जमानत दे दी. वहीं, उनकी सजा के खिलाफ सुनवाई के लिए तीन मई की तारीख दे दी है. इस बीच राहुल के सूरत जाने पर राजनीति भी शुरू हो गई है. भाजपा ने आरोप लगाया है कि ये लोग अपील के नाम पर हुड़दंग करने जा रहे हैं तो वहीं कांग्रेस का कहना है कि यह राहुल गांधी के साथ उनकी एकजुटता है. बता दें कि बीते महीने सूरत के सीजेएम कोर्ट ने मोदी सरनेम मानहानि केस में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई थी. कोर्ट ने इस सजा को चुनौती देने के लिए राहुल को एक महीने का समय दिया था. कोर्ट के फैसले को चुनौती देने के लिए याचिका तैयार की गई है. इसी कड़ी में राहुल गांधी ने आज सूरत कोर्ट में याचिका दाखिल की.




