
Ranchi : प्रदेश भाजपा का कहना है कि राज्य में हेमंत सोरेन सरकार पूरी तरह से विफल रही है. साल भर नाकाम रही सरकार के खिलाफ जनता को जागरूक करने का अभियान पार्टी चलायेगी. झारखंड भाजपा के नवनियुक्त सह प्रभारी डॉ सुभाष सरकार ने केंद्र से भेजे गये विकास के पैसे का हिसाब भी राज्य सरकार से मांगा है.
अपने दो दिवसीय दौरे पर रांची आये श्री सरकार ने गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, सात मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षों औऱ जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की. बैठक के बाद मीडिया से कहा कि हेमंत सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है.
बिचौलिये हावी हैं. इनके माध्यम से लूट का पैसा सरकार में शामिल लोगों तक पहुंच रहा है. प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने भी इस दौरान राज्य सरकार को घेरा.
इसे भी पढ़ें : चतरा के चार स्कूलों को मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार
बहानेबाजी करती है राज्य सरकारः सुभाष
सुभाष सरकार ने कहा कि केंद्र सरकार ने विकास योजनाओं के लिए राज्य को कभी भी पैसे की कमी नहीं होने दी है. परंतु यह सरकार पैसे का बहाना बनाती रहती है. राज्य सरकार को केंद्र से भेजी गयी राशि का हिसाब देना चाहिए.
यह सरकार उपयोगिता प्रमाणपत्र भी नहीं दे पाती. राज्य में खनिज संपदा की लूट मची है. सरकार ने धान की खरीद पर रोक लगा कर किसानों को धोखा दिया है.

भाजपा सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर आरोप पत्र जारी करेगी. पिछली भाजपा सरकार की उपलब्धियों और इस सरकार की नाकामियों का तुलनात्मक ब्यौरा भी प्रस्तुत किया जायेगा.
इसे भी पढ़ें : पांच जिलों में आतंक मचानेवाला पीएलएफआइ सब जोनल कमांडर कृष्णा यादव उर्फ तूफान गिरफ्तार
अपनी विफलता को केंद्र पर थोप रही हेमंत सरकारः बाबूलाल
विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस सरकार में विकास कार्य ठप हैं. लूट खसोट जारी है. थानों में एफआइआर दर्ज नहीं होते. ट्रांस्फर-पोस्टिंग उद्योग फल फूल रहा है. बालू घाटों पर लूट मची है. नीचे से ऊपर तक उगाही हो रही है. सरकारी जमीन की भी ऑनलाइन लूट हो रही है.
अपनी नाकामियों का ठीकरा राज्य सरकार केंद्र पर फोड़ने को तैयार रहती है. प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि महागठबंधन ठगबंधन साबित हो चुका है. हम सरकार की नाकामियों और वादा खिलाफी को लेकर सड़क पर पुरजोर आंदोलन करेंगे.
बैठक में ये थे शामिल
बैठक में पार्टी के कई दिग्गज और पार्टी से जुड़े वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे. इसमें प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष और विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर, विधायक नवीन जायसवाल, कोषाध्यक्ष दीपक बंका, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, प्रशिक्षण प्रमुख मनोज सिंह, मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा, प्रतुल शाहदेव, मिस्फिका हसन समेत अन्य लोग भी शामिल थे.
इसे भी पढ़ें : Palamu : किसानों के आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन, सरकार की नीतियों का किया गया विरोध




