
Giridih : छोटकी खरगडीहा के थोक कारोबारी मुकेश सिंह उर्फ बच्चू सिंह के घर डकैती, लूट और पुलिस गश्ती दल पर हमले के दो आरोपियों को बेंगाबाद थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने इनके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है.
यह गिरफ्तारी बुधवार को हुई है. गिरफ्तार आरोपियों में गिरिडीह के जमुआ स्थित लताकी गांव निवासी रंधीर कुमार और बसमता गांव निवासी जनार्दन उर्फ चंद्रदेव हाजरा शामिल हैं. जबकि, कुछ अन्य आरोपी फरार हैं.
इसे भी पढ़ें : दुमका पुलिस ने नक्सली साजिश का किया भंडाफोड़, हथियार व विस्फोटक बरामद
रंधीर ने की थी बच्चू सिंह के घर की रेकी : पुलिस
गुरुवार की शाम पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर एसपी अमित रेणु, एसडीपीओ अनिल सिंह और बेंगाबाद के पूर्व थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि धनतेरस की देर रात बच्चू सिंह के घर जनार्दन उर्फ चंद्रदेव हाजरा और रंधीर कुमार ने अपने गिरोह के साथ मिलकर डकैती की घटना को अंजाम दिया था.
डकैती की योजना इनके फरार साथियों ने तैयार की थी. बच्चू सिंह के घर की रेकी रंधीर कुमार ने की थी. डकैती धनतेरस की रात करनी है, यह इनके फरार साथियों ने तय किया था.
चंद्रदेव और रंधीर पर 1.80 लाख लूटने का भी आरोप
पुलिस अधिकारियों ने प्रेसवार्ता के दौरान यह भी बताया कि चंद्रदेव और रंधीर कुमार ने ही चार माह पहले छोटकी खरगडीहा एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक जयप्रकाश वर्मा से हथियार का भय दिखाकर एक लाख 80 हजार रुपये लूट लिये थे.
इसी घटना के बाद एसपी के निर्देश पर एसआईटी गठित की गयी, जिसमें इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में दोनों ने बच्चू सिंह के घर डकैती और ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से लूट की घटना में अपनी संलिप्तता को कबूला.
इसे भी पढ़ें : विदेशों में भी पढ़ने के लिए मेधावी छात्रों को सरकार देगी स्कॉलरशिप




