
Ranchi : प्रदेश भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार को चुनावी वादों की याद दिलायी है. इस लेकर बुधवार को राजधानी रांची में अलग-अलग जगहों पर “क्या हुआ तेरा वादा” अभियान चलाया गया. भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा चलाये गये इस अभियान में पार्टी के विधायक सीपी सिंह और नवीन जायसवाल सहित रांची महानगर के कई कार्यकर्ता भी शामिल हुए. महानगर के द्वारा 17 मंडलों में चलाये गये इस अभियान में हेमंत सरकार को जनता को ठगने का आरोप लगाया गया. स्टूडेंट्स, किसानों, महिला सुरक्षा को लेकर किये गये वादों पर खरा नहीं उतरने की बात कही.
इसे भी पढ़ें – JPSC के चेयरमैन बनाये गये अमिताभ चौधरी, 2 साल तक देंगे सेवा
बेरोजगारों से मजाक

बिरसा चौक पर आयोजित कार्यक्रम में नवीन जायसवाल ने कहा कि 10 महीने के कार्यकाल में हेमंत सरकार एक काम ठीक से नहीं कर सकी है. सत्ता में आने से पूर्व उसने 5 लाख लोगों को हर साल रोजगार देने का भरोसा दिलाया था. अब तक सरकार इस मसले पर फेल है. बेरोजगारों को भत्ता दिये जाने का भी आश्वासन दिया गया, एक पैसा नहीं दिया है. इस हिसाब से यह सरकार बेरोजगारों के साथ मजाक कर रही है. झामुमो, कांग्रेस का गठबंधन लगातार लोगों को धोखा दिये जा रहा है.
इसे भी पढ़ें – चतराः पुलिस के लिए सरदर्द बने दिलचंद गंझू को कुन्दा पुलिस ने किया गिरफ्तार
कैबिनेट बैठकों से उम्मीद नहीं
रांची विधायक औऱ पूर्व मंत्री सीपी सिंह के मुताबिक यह सरकार राज्यहित के मसले पर सोयी हुई है. उसे जगाना जरूरी है. महागठबंधन की सरकार ने 5 लाख लोगों को रोजगार देने का भरोसा दिलाया था. सभी बेरोजगारों को नौकरी लगने तक 72 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता दिये जाने को लेकर आश्वस्त किया था. वादा हुआ था कि कैबिनेट की पहली बैठक में ही किसानों का ऋण माफ कर देंगे. यह सरकार सत्ता में आते ही सारे वादे भूल गयी. वादे तो पूरे नहीं किये गये बल्कि राज्य में भ्रष्टाचार, बलात्कार औऱ आपराधिक घटनाएं बढ़ गयी हैं. पिछले 10 महीने में कैबिनेट की कई बैठकें हुईं पर वादों को पूरा करने पर चर्चा तक नहीं हुई. अभी फिर चुनाव आया है तो लोगों को दिग्भ्रमित किया जा रहा है. अब सरकार आरक्षण के नाम पर खेल कर रही है.
इसे भी पढ़ें – बिहार चुनाव : राहुल का मोदी पर वार, पंजाब में दशहरे पर मोदी, अंबानी, अडाणी के पुतले क्यों जले?



