Bihar

#Bihar: JDU के बाद LJP ने भी BJP के साथ गठबंधन को बिहार तक बताया सीमित, नीतीश ही होंगे NDA का चेहरा

Patna: बिहार में जद (यू) के बाद अब एनडीए में शामिल लोजपा ने भी स्पष्ट रूप से कहा है कि भाजपा के साथ उसका गठबंधन बिहार तक सीमित है.

पटना के बापू सभागार में गुरूवार को आयोजित लोजपा के स्थापना समारोह में पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने संबोधित किया. उन्होंने कहा कि लोजपा के केंद्रीय नेतृत्व एवं पार्टी संसदीय बोर्ड ने इस बात को स्वीकार्यता प्रदान कर दी है कि पार्टी अपनी नीतियों के साथ संगठन का विस्तार करना चाहती है.

इसे भी पढ़ेंःसभी पार्टियों के घोषणापत्र में क्या-क्या है समान, किन खास मुद्दों को दिया है अलग से स्थान, पढ़िये रिपोर्ट

‘पार्टी का विस्तार प्राथमिकता, NDA में नहीं दरार’

उन्होंने कहा कि दिल्ली और जम्मू-कश्मीर में चुनाव होने वाले हैं. वर्ष 2022 आते-आते उत्तरप्रदेश से लेकर कई ऐसे राज्य हैं, जहां चुनाव होने वाले हैं. पार्टी की राज्य इकाई अपने-अपने प्रदेशों में संसदीय बोर्ड का गठन करें और इसके माध्यम यह समीक्षा करें कि किन-किन राज्यों में लोजपा अकेले चुनाव लड़ने के लिए समर्थ है.

उन्होंने कहा कि पार्टी का विस्तार करना हमारी प्राथमिकताओं में से एक है पर कुछ विरोधी दल इसका मतलब यह निकालते हैं कि गठबंधन में दरार है. कुछ लोग यह भ्रम फैलाने में लगे हुए हैं कि भाजपा और लोजपा के बीच दरार पैदा हो गयी है. अब ये लोग अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं.

‘नीतीश कुमार होंगे एनडीए का चेहरा’

लोजपा संस्थापक नेता रामविलास पासवान के बेटे चिराग ने कहा कि विपक्षी दल जो कि ऐसा भ्रम फैलाने में लगे हुए उन्हें भी हम यह स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि हमलोगों का गठबंधन बिहार प्रदेश में हुआ है और यह गठबंधन जितना मजबूत 2014 में था उससे चौगुना मजबूत आज की तारीख में है. उस गठबंधन में कहीं कोई आंच नहीं आयी है. बिहार में अगला विधानसभा चुनाव लोजपा, भाजपा और जद (यू) साथ मिलकर लड़ेगी.

इसे भी पढ़ेंः#Dhullu के आतंक से त्रस्त यौन शोषण पीड़िता ने आखिरकार छोड़ी बीजेपी, कांग्रेस का दामन थामा

उन्होंने कहा कि 2020 में भी हमारे गठबंधन का चेहरा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार होंगे और उन्हीं के चेहरे के साथ हमलोग 2020 का चुनाव लड़ने जा रहे हैं.

बिहार के जमुई से सांसद चिराग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूर्ण विश्वास जताते हुए तथा उनके नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा जनहित और देशहित में उठाए गए कदमों की चर्चा करते हुए कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जितनी चिंता देश की सीमाओं की करते हैं उतनी ही चिंता गांव की भी करते हैं. उनके नेतृत्व वाली राजग में हर भारतीय के हितों की रक्षा होगी.

उन्होंने कहा कि यही विश्वास बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति भी है. इस प्रदेश की गिनती अब विकसित राज्यों की श्रेणी में किए जाने का श्रेय भी हमारे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और प्रदेश की राजग सरकार को जाता है.

2020 की तैयारियों में लोजपा

चिराग ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आज से ही तैयारी में लगने का आग्रह करते हुए कहा कि वे अपने-अपने जिलों में जाकर वैसी विधानसभा सीटों को चिन्हित करें, जहां पर लोजपा की दावेदारी हो सकती है.

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का पूरे देश में एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है. इसमें 50 लाख सदस्य बिहार में बनाए जाएंगे. चिराग ने कहा कि अगले साल 14 अप्रैल को पटना के गांधी मैदान में लोजपा की एक रैली का आयोजन किया जाएगा.

समारोह को संबोधित करते हुए लोजपा संस्थापक और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज के कथन का जिक्र करते हुए कहा कि प्रिंस ने चिराग से कहा है कि हमारा लक्ष्य 2020 का नहीं बल्कि 2025 का बिहार विधानसभा चुनाव है.

उन्होंने कहा कि 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में कौन सीट, किस पार्टी के पास होगी, इसका निर्णय पार्टी के संसदीय बोर्ड और राजग के अन्य घटक दल मिलकर करेंगे. लेकिन, हमें सभी सीटों पर तैयारी करनी है और उनमें से जो सीट पार्टी को मिलेगी उनपर बेहतर काम करने वाले को उम्मीदवार बनाया जाएगा.

इसे भी पढ़ेंः#SaryuRoy ने कहा- रघुवर के साले खेमराज 15 लाख के एवज में छीन रहे गरीब का मकान, सिस्टम चुप क्यों?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button