Bokaro

इंडी गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में बेरमो भाकपा की बैठक

Bermo: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी मजदूर यूनियन कार्यालय में रविवार को भाकपा के स्थानीय शाखा की बैठक मो शाहजहां की अध्यक्षता में हुई. बैठक में भाकपा के दिवंगत नेता और अखिल भारतीय किसान सभा के महासचिव अतुल कुमार अंजान के निधन पर एक मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई. भाकपा बेरमो अंचल सचिव ब्रज किशोर सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य नेतृत्व के निर्देशानुसार लोकसभा चुनाव में जिस क्षेत्र में भाकपा या वामपंथी पार्टियों के उमीदवार नहीं हैं, वहां इंडी गठबंधन के उम्मीदवार को अपना समर्थन देना है, क्योंकि भाकपा भी गठबंधन में शामिल है. उसी के आलोक में लोकल कमिटी की बैठक में गिरिडीह लोक सभा से इंडिया गठबंधन उमीदवार मथुरा महतो को चुनाव में जीत दिलाने का संकल्प लिया गया.कहा कि सहयोगी दल द्वारा जो भी प्रचार सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, उसको लेकर आम लोगों के पास जाना है और मोदी सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ उन्हें जागरूक कर गंठबंधन के उम्मीदवार मथुरा महतो के लिए वोट मांगना है. मो शाहजहां और जानकी महतो ने कहा कि केंद्र सरकार की मजदूर एवं किसान विरोधी नीतियों के कारण पूरे देश में हाहाकार मचा हुआ है. प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी कैंपेन में विकाश की बात करने की बजाय सिर्फ नफरत फैलाने की राजनीति कर रहें हैं.देश में सारे पब्लिक सेक्टरों को बेचा जा रहा है.प्राइवेट मालिकों के हक में श्रम कानून बनाये जा रहे. मज़दूरों के अधिकार छीने जा रहे. ऐसे में लोगों के अच्छे दिन तभी आएंगे जब मोदीजी जाएंगे. रामेश्वर साव और नवीन कुमार पाठक ने कहा कि देश में महंगाई चरम पर है, बेरोजगार नौजवानों को नौकरी नहीं मिल रही और सिर्फ मंदिर मस्जिद की बात हो रही है,इसलिए अब इस सरकार को हटना ही चाहिए.बैठक में मो आबिद परवेज, ओम प्रकाश चौधरी, पप्पू शर्मा, कार्तिक मालाकार, मो शैफ्यु, नरेश यादव, मो इरशाद, मो टीपू,मो रियाज़, मकबूल आलम सहित कई लोग उपस्थित थे.

Related Articles

Back to top button