
Koderma: कोडरमा जिले की धड़कन कोडरमा सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती एक मरीज की मौत हो गई. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने अस्पताल के मुख्य गेट के सामने बैठ कर डॉक्टर व अस्पताल कर्मी पर घोर लपरवाही बरतने की बात कह कर जमकर बवाल किया. आरोप है कि सदर अस्पताल कोडरमा में प्रसव के आई एक महिला की मौत चिकित्सक की लापरवाही से हो गयी है. प्रसव के बाद प्रसूति महिला की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई. दरअसल हजारीबाग जिले के बरकट्ठा बरकनगांगो निवासी राहुल यादव अपनी 24 वर्षीया पत्नी काजल कुमारी को प्रसव पीड़ा होने के बाद शनिवार की शाम करीब 6 बजे सदर अस्पताल कोडरमा लेकर पहुंचे थे. डॉक्टर के द्वारा प्रारंभिक जांच के बाद सिजेरियन के द्वारा महिला का प्रसव किया गया. प्रसव के दौरान महिला ने जुड़वे बच्चे को जन्म दिया. इसके बाद रविवार को महिला की अचानक तबियत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. जिसके बाद महिला के परिजनों ने सदर अस्पताल में जमकर हंगामा किया.
सिविल सर्जन ने नहीं उठाया फोन, डीएस ने जांच की बात कही
इधर इस पूरे मामले पर जब सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार से प्रतिक्रिया लेने के लिए फोन किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया तो वहीं सदर अस्पताल के डीएस डॉ रंजीत कुमार ने कहा कि घटना को लेकर मृतक का पोस्टमार्टम के लिए बोला गया लेकिन परिजनों ने उनका पोस्टमार्टम नहीं करवाया. उन्होंने कहा कि घटना को लेकर एक चिकित्सक समेत पांच अन्य लोगों शॉ कॉज नोटिस दिया गया, वहीं पूरे मामले की जाँच की जा रही है. दोषी पाए जाने वाले स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई करने की बात कही है.




