
Ranchi : राज्य के सभी स्कूलों के प्राचार्य, सभी कर्मचारी चाहे वो नियमित हों या मानदेय पर आजादी के अमृत महोत्सव के हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने घरों में 13 से 15 अगस्त तक तिरंगा फहराएंगे. इस संबंध में शिक्षा विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने सभी क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक के अलावा सारे पदाधिकारियों को पत्र लिखा है. लिखे पत्र में कहा गया है कि खुद के घर में तिरंगा फहराने के अलावा स्कूल के विद्यार्थियों को भी अपने घर में भी तिरंगा फहराने के लिये प्रेरित करें. ज्ञात हो कि पिछले 8 अगस्त को मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने राज्य के सभी विभाग के प्रभारियों को पत्र लिखकर इस बारे में आदेश जारी कर दिया है. हर घर तिरंगा अभियान को लेकर विभागीय स्तर पर सारी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गयी हैं.
प्रभातफेरी भी निकाली जायेगी
इधर, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (जेईपीसी) की राज्य परियोजना निदेशक किरण पासी ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि आजादी के 75वें वर्षगांठ के अवसर पर हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है, जिसके तहत स्कूली छात्र-छात्रा प्रभात फेरी निकालेंगे. देशभक्ति गीत के साथ-साथ देशभक्ति नारे और स्लोगन का भी इस्तेमाल करेंगे और साथ ही 13 अगस्त से 15 अगस्त तक स्कूलों में नियमित रूप से सुबह नौ बजे झंडोतोलन किया जाएगा और शाम पांच बजे उसे सम्मान के साथ उतारा जाएगा. बता दें, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने इस संबंध में सभी जिलों के स्कूलों को गाइडलाइन भेज दी है.
इसे भी पढ़ें: Ranchi: 12 अगस्त से शुरू होगी अंजुमन इस्लामिया की चुनावी प्रक्रिया




