
Ranchi: राज्य के सबसे बड़े हॉस्पिटल व मेडिकल कॉलेज रिम्स में गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया. लगातार हो रही बारिश के कारण हॉस्टल की बाउंड्री गिर गई. वहीं एक विशाल पेड़ भी गिर गया. पेड़ के नीचे आने से 5 बाइक और एक कार क्षतिग्रस्त हो गई है. राहत की बात यह है कि वहां रहने वाले किसी मेडिकोज को कोई नुकसान नहीं हुआ.

घटना की जानकारी ड्यूटी में तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने सुपरवाइजरों को दी. वहीं जूनियर डॉक्टरों ने इसकी सूचना सीनियर अधिकारियों को दी है. बताते चलें कि स्टूडेंट्स लंबे समय से हॉस्टल की व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग कर रहे थे, इसके बावजूद ना तो वार्डन ने इस ओर ध्यान दिया और ना ही रिम्स के अधिकारियों ने. जिसका खामियाजा हॉस्टल में रहने वाले स्टूडेंट्स भुगत रहे हैं.
राजेंद्र चौक के नजदीक भी दो पेड़ गिरे

वहीं बारिश के कारण डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित राजेंद्र चौक के नजदीक भी एक बड़ा सा वृक्ष गिर गया. पेड़ के गिरने से दो वाहन दब गए. हालांकि किसी भी प्रकार की हताहत की सूचना नहीं है.

बताया जा रहा कि वृक्ष गिरते ही कार सवार और स्कूटी सवार व्यक्ति भागने में कामयाब रहे. वृक्ष के गिरने से यातायात प्रभावित हो गया है. मामले की जानकारी नगर निगम की टीम को दे दी गई है.
इसे भी पढ़ें: कोडरमा में घरेलू विवाद के बाद पति ने खुदकुशी कर दी जान




