
मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के उद्देश्य से आयोजित विशेष आकलन परीक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को उपायुक्त ने किया सम्मानित
आगामी मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में रामगढ़ जिले के सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन एवं शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर सितंबर माह में जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में एसए-1 की तर्ज पर विशेष आकलन परीक्षा का आयोजन किया गया था।विशेष आकलन परीक्षा के परिणाम के आधार पर आज उपायुक्त कार्यालय कक्ष में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त ऋतुराज, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों ने परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।विशेष आकलन परीक्षा में मैट्रिक स्तर पर जिलेभर में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं इंटरमीडिएट स्तर पर कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय में जिलेभर में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पांच-पांच विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विशेष आकलन परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन करने के साथ-साथ उनकी कमजोरियों की पहचान कर उन्हें आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए बेहतर तरीके से तैयार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, निरंतर अभ्यास एवं समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही कहा कि सभी विद्यार्थी पूरे आत्मविश्वास एवं मेहनत के साथ आगामी मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारी करें और जिले का नाम रोशन करें।उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर लगातार नजर रखी जाए तथा उन्हें बेहतर शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि आगामी बोर्ड परीक्षाओं में जिले के सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर सकें।कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।





