Jharkhand

एन एच -33 पर कंटेनर की टक्कर से 12 वर्षीय बच्ची की मौत, पिता गंभीर रूप से घायल

पैकी के समीप दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया, घंटों बाधित रहा आवागमन

कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत एन एच -33 फोरलेन पर पैकी के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता अरुण औहदार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों वाहनों की आवाजाही बाधित रही।

जानकारी के अनुसार, पैकी निवासी अरुण औहदार अपनी 12 वर्षीय बेटी के साथ बाइक से रामगढ़ की ओर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर (नंबर UP 78 LN 7887) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अरुण औहदार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल पिता को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने कंटेनर चालक को पकड़ लिया। ग्रामीणों का आरोप था कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। आक्रोशित लोगों ने चालक को एक खंभे से बांध दिया और सड़क पर विरोध जताते हुए एन एच -33 को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही कुजू पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के कब्जे से चालक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।

सड़क जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस एवं प्रशासन की टीम ने ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद सड़क जाम हटवाया गया और यातायात सामान्य कराया गया।

इधर, हादसे में बच्ची की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही पर चिंता जताते हुए ऐसे हादसों पर रोक लगाने की मांग की।

Related Articles

Back to top button